Delhi Suicide Case: सोशल मीडिया पर मशहूर होने और ‘रील’ (Reel) बनाने का जुनून किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है, इसकी एक रूह कपा देने वाली मिसाल दिल्ली के दल्लुपुरा इलाके में देखने को मिली है। यहाँ एक युवक ने वीडियो बनाने के चक्कर में अपनी ही जान गंवा दी। खुद के सीने पर पिस्टल तानकर स्टंट करना उसे इतना भारी पड़ा कि एक पल की चूक ने उसकी जिंदगी खत्म कर दी।
Delhi Fire: सुबह-सुबह दिल्ली के नेचर बाजार में आग ने लिया विकराल रूप, दमकल की 9 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान दल्लुपुरा निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। घटना 16 मार्च 2026 की है। बताया जा रहा है कि पवन अपने चचेरे भाई हिमांशु के साथ घर पर मौजूद था। हिमांशु के पास एक लाइसेंसी पिस्टल थी। दोनों भाई मोबाइल पर वीडियो (रील) बनाने के लिए पिस्टल के साथ स्टंटबाजी कर रहे थे।
वीडियो फुटेज और शुरुआती जांच से पता चला है कि पवन ने पिस्टल हाथ में ली और उसमें मैगजीन लोड की। स्टंट को और ‘रोमांचक’ बनाने के लिए उसने पिस्टल को अपने सीने के बाईं ओर (दिल के पास) सटा लिया। इसी दौरान गलती से ट्रिगर दब गया। गोली सीधे पवन के दिल के पार हो गई और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
गोली चलने की आवाज सुनकर घर में हड़कंप मच गया। पवन को आनन-फानन में पास के धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतना गहरा था कि डॉक्टरों ने उसे देखते ही ‘ब्रॉट डेड’ (मृत घोषित) कर दिया। सूचना मिलते ही न्यू अशोक नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस और वह मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसमें पूरी वारदात का खौफनाक वीडियो रिकॉर्ड हो गया था।
गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
क्राइम टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने इस मामले में पवन के चचेरे भाई हिमांशु के खिलाफ न्यू अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या हथियार के इस्तेमाल में लापरवाही बरती गई या यह महज एक दुर्घटना थी।
यह घटना उन युवाओं के लिए एक चेतावनी है जो लाइक्स और कमेंट्स के चक्कर में खतरनाक हथियारों और स्टंट का सहारा लेते हैं। एक छोटी सी गलती न केवल रील बनाने वाले की जान ले सकती है, बल्कि पूरे परिवार को उम्र भर का गम दे जाती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे हथियारों के साथ इस तरह के जानलेवा प्रयोग न करें।










