Delhi Protest: दिल्ली में आज फिर सियासी हलचल, INDIA ब्लॉक का कनॉट प्लेस से बाराखंभा रोड तक मार्च

दिल्ली में आज विपक्षी सांसदों का विरोध मार्च निकलेगा। सांसद सुप्रीम कोर्ट की ओर पैदल मार्च करेंगे, लेकिन बाराखंभा रोड पर धरना देंगे। चीफ जस्टिस के मुलाकात से इनकार के बाद विपक्ष ने प्रदर्शन का फैसला किया है।

Delhi Protest

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अक्टूबर 12, 2026

Delhi Protest: राजधानी दिल्ली में आज विपक्षी दलों के गठबंधन ‘INDIA’ ब्लॉक का एक बड़ा मार्च निकलने जा रहा है। पिछले छह दिनों के भीतर विपक्षी दलों का यह पांचवां विरोध प्रदर्शन है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और कथित वोट चोरी के गंभीर मुद्दों को लेकर यह मार्च निकाला जा रहा है, जिसके जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की जोरदार मांग की जाएगी।

विपक्षी दलों के सांसद आज दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस पर एकत्र होंगे और वहां से बाराखंभा रोड तक करीब दो किलोमीटर का पैदल मार्च निकालेंगे। हालांकि, शुरुआती योजना के अनुसार विपक्षी सांसदों को मार्च निकालते हुए सुप्रीम कोर्ट तक जाना था और शाम 4 से 5 बजे के बीच मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से मुलाकात करनी थी, लेकिन सीजेआई ने इस मुलाकात से इनकार कर दिया है।

पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी है विरोध प्रदर्शन

Delhi Protest
दिल्ली में आज फिर सियासी हलचल

बता दें कि विपक्षी गठबंधन के सांसदों द्वारा लगातार सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला गया है। इससे पहले सांसदों ने 6, 7, 8 और 9 अक्टूबर को भी लगातार चार दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया था। इन चार दिनों के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस द्वारा तीन बार हिरासत में भी लिया जा चुका है।

इसके अलावा, 9 अक्टूबर को प्रदर्शनकारी सांसदों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर ज्ञापन भी सौंपा था। गत शुक्रवार को भी INDIA ब्लॉक के सांसदों ने संसद के मकर द्वार से विजय चौक तक मार्च निकाला था और बाद में संसद से चुनाव आयोग के दफ्तर तक विरोध प्रदर्शन किया था।

दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन और मेट्रो स्टेशनों पर पाबंदियां

आज के इस बड़े मार्च के चलते राजधानी दिल्ली की यातायात व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर करीब 30 सड़कों पर रूट डायवर्ट रहने की जानकारी दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

इसके साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आज 6 मेट्रो स्टेशनों को भी बंद किया गया है। हालांकि इन स्टेशनों पर यात्रियों को मेट्रो बदलने (इंटरचेंज) की सुविधा मिलती रहेगी, लेकिन इनकी एंट्री और एग्जिट गेट बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस और डीएमआरसी (DMRC) ने आम जनता से अपील की है कि वे सफर के लिए वैकल्पिक मार्गों का चयन करें और यातायात में सहयोग करें।

दिग्गजों के नेतृत्व में कनॉट प्लेस जंक्शन पर जुटेंगे सांसद

Delhi Protest
दिल्ली में आज फिर सियासी हलचल

आज के इस मार्च का नेतृत्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी करेंगे। उनके साथ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत, अरविंद सावंत और एनसीपी-एससीपी नेता सुप्रिया सुले समेत कई प्रमुख विपक्षी नेता मौजूद रहेंगे।

निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक, सभी विपक्षी सांसद दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस और बाराखंभा रोड के जंक्शन पर इकट्ठा होंगे और वहां से पैदल मार्च की शुरुआत करेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ विपक्ष की प्रमुख मांगें

Delhi Protest
दिल्ली में आज फिर सियासी हलचल

INDIA ब्लॉक की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ-साथ कई अन्य बड़ी मांगें रखी गई हैं, जो इस प्रकार हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और चुनाव आयुक्तों (EC) को कानूनी सुरक्षा कवच प्रदान करने वाले साल 2023 के कानून को तुरंत रद्द किया जाए। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और वोटर लिस्टों से हटाए गए 13 करोड़ लोगों के नाम फिर से जोड़े जाएं।

देश में होने वाले आगामी सभी चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की बजाय पारंपरिक बैलेट पेपर से कराए जाएं। पिछले दो वर्षों में हुए उन सभी विधानसभा चुनावों को रद्द किया जाए, जहां वोट चोरी और गड़बड़ी के विवाद सामने आए थे।

Delhi News: CJP के तीन नेताओं को कोर्ट से राहत, एक साल तक शांति बनाए रखने