Delhi News: दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को तेज ठंडी हवाओं ने हालात और कठिन कर दिए, जिससे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में लोग दिनभर ठिठुरते रहे। हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन उसका असर नगण्य रहा और ठंड कम नहीं हो सकी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार के लिए घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के समय दृश्यता प्रभावित रहने की आशंका जताई गई है, जिससे यातायात पर असर पड़ सकता है।
हवाओं की रफ्तार और मौसम का बदलता मिजाज

दिल्ली-एनसीआर में हवाओं की गति 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। इन हवाओं ने ठंड के असर को और बढ़ा दिया। खुले इलाकों में लोग लगातार कांपते नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, लेकिन ठंडी हवाओं और नमी के कारण सर्दी का असर बरकरार है। सुबह और देर रात घने कोहरे की स्थिति से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
प्रदूषण में हल्की राहत
तेज हवाओं का एक सकारात्मक असर यह रहा कि दिल्ली-एनसीआर के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सुधार दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली रेड जोन से बाहर निकलकर ऑरेंज जोन में पहुंच गई है और यहां AQI 300 दर्ज हुआ। नोएडा का AQI 259, गाजियाबाद 269, गुरुग्राम 187 और ग्रेटर नोएडा 248 रिकॉर्ड किया गया। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत अस्थायी है और मौसम में बदलाव के साथ प्रदूषण फिर बढ़ सकता है।
तापमान का हाल

शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 8 जनवरी तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। हालांकि इसके बाद मौसम फिर करवट ले सकता है।
आगे का मौसम पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कोहरे की तीव्रता में कमी आने पर दिन में कुछ घंटों के लिए धूप निकल सकती है। पहाड़ी इलाकों, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान में गिरावट जारी है। कुछ जिलों में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ सकता है। वहीं दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा। दो दिन बाद पूर्वी भारत में भी न्यूनतम तापमान गिरने के संकेत हैं।
Weather Update: कश्मीर में सीजन की भारी बर्फबारी, सैलानियों के लिए बना ‘विंटर वंडरलैंड’









