Delhi News: आम आदमी पार्टी (AAP) और उसके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच शनिवार को तीखी जुबानी जंग देखने को मिली। पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि उनके खिलाफ एक ‘‘सुनियोजित अभियान’’ चलाया जा रहा है। उन्होंने इन आरोपों को ‘‘झूठा’’ करार दिया और कहा कि उन्होंने हमेशा संसद में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया है।
Delhi News: केजरीवाल के लिए सिरदर्द बने राघव चड्ढा, पार्टी नियमों की वजह से कार्रवाई रुकी
फिल्मी संवाद से दिया जवाब
राघव चड्ढा ने एक वीडियो संदेश जारी कर फिल्म ‘‘धुरंधर’’ का संवाद उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘हर झूठ का पर्दाफाश होगा, क्योंकि मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं।’’ उनका यह बयान पार्टी द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों के जवाब में आया है, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ संसद में आवाज उठाने से परहेज किया।
उपनेता पद से हटाए जाने के बाद बयान
राज्यसभा में ‘आप’ के उपनेता पद से हटाए जाने के एक दिन बाद राघव चड्ढा ने कहा था कि ‘‘मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना।’’ उन्होंने विपक्ष के साथ बहिर्गमन में शामिल न होने के आरोप को ‘‘सरासर झूठ’’ बताया और चुनौती दी कि कोई भी ऐसा उदाहरण पेश करे जहां उन्होंने विपक्ष का साथ न दिया हो। उन्होंने कहा कि संसद में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, फुटेज से सब स्पष्ट हो जाएगा।
प्रस्ताव पर हस्ताक्षर का विवाद
मुख्य निर्वाचन आयुक्त से संबंधित प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने के आरोप पर भी उन्होंने सफाई दी। चड्ढा ने कहा कि किसी भी पार्टी नेता ने उनसे औपचारिक या अनौपचारिक रूप से हस्ताक्षर करने को नहीं कहा था। उन्होंने यह भी बताया कि कई अन्य सांसदों ने भी इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।
जनता के मुद्दों पर ध्यान
राघव चड्ढा ने कहा कि वह संसद में हंगामा करने या माइक तोड़ने के लिए नहीं जाते, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि उनका ध्यान जीएसटी, आयकर, दिल्ली में वायु प्रदूषण, पंजाब में जल संकट, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, रेल यात्री समस्याएं, बेरोजगारी और महंगाई जैसे विषयों पर रहा है।
करदाताओं के पैसे की जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि संसद करदाताओं के पैसे से चलती है, इसलिए वहां जनता की समस्याओं को उठाना उनकी जिम्मेदारी है। उनका उद्देश्य सरकार पर दबाव बनाना है, न कि बेवजह हंगामा करना।










