Delhi-NCR Weather: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के इलाकों में आज मंगलवार को मौसम ने करवट बदल ली है। पिछले कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल दिल्ली-एनसीआर के लोगों को इस मानसूनी फुहार ने बड़ी राहत दी है। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई हिस्सों में तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है। ठंडी हवाओं और छमाछम बरसती बूंदों के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पूरा मौसम बेहद सुहावना और खुशनुमा हो गया है।
आसमान से बरसी राहत की बूंदें
बताते चले कि, दिल्ली-एनसीआर में अचानक हुए इस मौसमी बदलाव से जनजीवन को चिलचिलाती तपिश से निजात मिली है। पिछले करीब एक हफ्ते से लोग हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही के बीच तेज धूप के कारण हो रही चिपचिपी उमस से काफी परेशान थे। सोमवार की सुबह से दोपहर तक भी तेज धूप ने लोगों को जमकर तपाया था, जिससे शाम के वक्त उमस और ज्यादा बढ़ गई थी। लेकिन मंगलवार को हुई इस झमाझम वर्षा ने फिजां में ठंडक घोल दी है और लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है।
सड़कों पर थमी वाहनों की रफ्तार
जहां एक तरफ इस आंधी-बारिश ने मौसम को सुहाना बनाया है, वहीं दूसरी तरफ राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह आफत बनकर भी टूटी है। तेज डाउनपोर की वजह से राष्ट्रीय राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव (वाटरलॉगिंग) की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार पर अचानक ब्रेक लग गया है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और एनएच-9 पर खिचड़ीपुर के पास पानी जमा होने की वजह से गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं और भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है।
गुरुग्राम में बरसी आफत की बारिश
दिल्ली से सटे गुरुग्राम (साइबर सिटी) में भी पिछले करीब 40 मिनट से लगातार हो रही तेज मानसूनी बारिश ने उमस को तो खत्म कर दिया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन की पोल खोल दी है। शहर के निचले इलाकों और कई अंदरूनी रास्तों पर पानी जमा होने लगा है। मौसम विभाग और स्थानीय नागरिकों को आशंका है कि यदि वर्षा का यह सिलसिला अगले दो-तीन घंटे तक इसी रफ्तार से जारी रहा, तो गुरुग्राम की कई प्रमुख लाइफलाइन सड़कें पूरी तरह पानी में डूब जाएंगी, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो सकती है।
मौसम विभाग का पूवार्नुमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को फिलहाल इस भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि आने वाले अगले दो दिनों तक क्षेत्र में आंधी-तूफान के साथ वर्षा की गतिविधियां जारी रहेंगी। इस आंधी-वर्षा की वजह से अधिकतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे पिछले एक सप्ताह से जारी उमस भरी गर्मी का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा और आने वाले दिन राहत भरे रहेंगे।










