Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और असहनीय उमस के दौर के बाद, अब न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। इस बदलाव से स्थानीय लोगों को थोड़ी राहत महसूस हुई है। हालांकि, पूरी तरह से तपिश से निजात नहीं मिली है, लेकिन तापमान में आई यह मामूली कमी उमस भरे माहौल में एक सुखद बदलाव के संकेत दे रही है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सचेत किया है।
IMD का दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट
बताते चले कि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मौसम के बदलते मिजाज के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। रविवार, 19 जुलाई के लिए जारी इस अलर्ट में भीषण गर्मी और उमस भरे वातावरण के बीच हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का मानना है कि तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद उमस बरकरार रहेगी, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
अधिकतम तापमान में कमी, लेकिन अभी भी गर्मी का प्रकोप
शनिवार को दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हालांकि, यह आंकड़ा पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक होने के बावजूद पिछले दिन के मुकाबले 0.8 डिग्री की गिरावट दर्शाता है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि भीषण गर्मी का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
दिल्ली-NCR में आज का मौसम पूर्वानुमान
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम विभाग ने बारिश के आसार जताए हैं, लेकिन इसके साथ ही उमस भरी गर्मी का अनुमान भी बना हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुबह से ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 76 प्रतिशत उमस के साथ 6 प्रतिशत बारिश की संभावना है, जबकि हवाएं 5 किलोमीटर प्रति घंटे की धीमी रफ्तार से चल रही हैं। दिन भर का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। दोपहर 3 बजे के करीब बारिश की संभावना 25 प्रतिशत तक बढ़ सकती है, जबकि हवा में नमी का स्तर 65 प्रतिशत रहने का अनुमान है।
अन्य इलाकों में तापमान का हाल
क्षेत्र के अन्य मौसम केंद्रों पर भी तापमान में कमी देखने को मिली है। पालम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की अपेक्षा 0.3 डिग्री कम है। लोधी रोड केंद्र पर यह 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो शुक्रवार के मुकाबले 0.9 डिग्री कम दर्ज हुआ। इसके अलावा, आयानगर मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में गर्मी का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन उमस अभी भी लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।










