Delhi-NCR Mansoon Update: दिल्ली-एनसीआर में मानसून की दस्तक अब साफ तौर पर महसूस की जा रही है। आसमान में उमड़ते-घुमड़ते बादलों की आवाजाही और सूरज की लुकाछिपी का दौर यह संकेत दे रहा है कि मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में एनसीआर वासियों को चिलचिलाती गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके प्रभाव से हल्की बारिश और गरज-चमक वाली गतिविधियां देखने को मिलेंगी। अच्छी बात यह है कि फिलहाल किसी भी तरह की कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे जनजीवन सामान्य रहने के आसार हैं।
आज के मौसम का हाल
बताते चले कि, दिल्ली-एनसीआर में रविवार, 28 जून को मौसम का रुख मिला-जुला रहने वाला है। आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वातावरण में नमी का स्तर 62 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो हल्की उमस का अहसास करा सकता है। वहीं, हवा की गति 5 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जिससे सुबह के समय मौसम सुहावना बना रहेगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर बना रहेगा।
बारिश और गिरते तापमान की संभावना
अगले हफ्ते मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सोमवार (29 जून) से तापमान में क्रमिक गिरावट शुरू होगी, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मंगलवार (30 जून) को भी गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे तापमान 38 डिग्री तक सीमित रहेगा। राहत की असली तस्वीर बुधवार (1 जुलाई) से साफ होगी, जब पारा गिरकर अधिकतम 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। गुरुवार (2 जुलाई) को भी यही स्थिति बनी रहेगी, जिसमें अधिकतम 36 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सामान्य बादल छाए रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों की सलाह और सावधानी के निर्देश
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन एनसीआर के लिए राहत लेकर आएंगे। बादलों की आवाजाही के बीच होने वाली हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं तापमान को नियंत्रित रखेंगी। हालांकि, मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह भी दी है। बारिश और गरज-चमक के दौरान बिजली गिरने की घटनाओं से बचने के लिए लोगों को खुले स्थानों, बड़े पेड़ों या बिजली के खंभों से दूर रहने के लिए कहा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भले ही स्थिति सामान्य है, लेकिन बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतना आवश्यक है ताकि किसी भी संभावित जोखिम से बचा जा सके।










