Delhi Rain: दिल्ली-NCR में शुक्रवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने एक बार फिर जलभराव की समस्या सामने ला दी। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर पानी भरने से यात्रियों को परेशानी हुई और एयरपोर्ट के आगमन वाले हिस्से को कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। वहीं गुरुग्राम और दिल्ली के कई इलाकों में भी सड़कों पर पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं।
दिल्ली में भारी बारिश से जलभराव
बताते चले कि, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार 4 सितंबर को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से आसमान में काले बादल मंडरा रहे थे और इसके बाद कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर की मूसलाधार बारिश ने दिल्ली की सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी।
दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर भरा पानी
तेज बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास भी देखने को मिला। एयरपोर्ट के बाहर पानी इस कदर जमा हो गया कि यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थिति को देखते हुए आगमन वाले हिस्से को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। एयरपोर्ट से बाहर निकलने वाले यात्रियों को भी पानी के बीच रास्ता तय करना पड़ा। वहां मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों ने बताया कि कई साल बाद इस तरह के हालात देखने को मिल रहे हैं। जलभराव के कारण लोगों को सामान लेकर आगे बढ़ने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिल्ली-NCR बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-NCR में बारिश को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना थी। इसके साथ ही येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई हिस्सों में पानी भर गया। सुब्रतो पार्क के आसपास भी जलभराव की समस्या सामने आई। बारिश बढ़ने के साथ सड़कों पर पानी जमा होता गया, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों की परेशानी बढ़ती गई।
गुरुग्राम में झमाझम बारिश, निचले इलाकों में भरा पानी
दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम में भी शुक्रवार को तेज बारिश देखने को मिली। सुबह से ही शहर में काले बादल छाए हुए थे और बाद में झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगातार बारिश के कारण गुरुग्राम के कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया।
जलभराव और गड्ढों ने बढ़ाई लोगों की मुश्किल
गुरुग्राम में बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव के साथ गड्ढों की समस्या भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी। जगह-जगह पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थम गई और आम लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई। जलभराव को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन की ओर से पहले बैठकों में जलभराव रोकने के दावे किए गए थे, लेकिन तेज बारिश के बाद कई इलाकों में हालात उन दावों के उलट नजर आए।
दिल्ली के नर्मदा अपार्टमेंट में भी पानी-पानी
भारी बारिश का असर दिल्ली के नर्मदा अपार्टमेंट इलाके में भी देखने को मिला। यहां जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सड़कों पर बढ़ते पानी के बीच लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई। दिल्ली में जैसे-जैसे बारिश तेज हुई, वैसे-वैसे कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति गंभीर होती गई। कई जगह लोगों को पैदल सड़क पार करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में बारिश का दौर जारी रहने पर निचले इलाकों में स्थिति और खराब होने की आशंका बढ़ गई है।
दिल्ली में गुरुवार को भी हुई थी बारिश
इससे एक दिन पहले गुरुवार 3 सितंबर को भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई थी। राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में आयानगर में 3.9 मिलीमीटर, पालम में 3.1 मिलीमीटर और लोधी रोड में 0.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं सफदरजंग और रिज में इस अवधि में बारिश दर्ज नहीं हुई।
शनिवार तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में गुरुवार और शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई थी। आईएमडी के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को आसमान में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही येलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऐसे में दिल्ली-NCR में रहने वाले लोगों को अगले कुछ घंटों के दौरान जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज बारिश ने एक बार फिर राजधानी और आसपास के शहरों की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है।










