Delhi News: दिल्ली में इन दिनों स्वाइन फ्लू यानी H1N1 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल राजधानी में इन्फ्लुएंजा-ए के करीब 2,392 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें H1N1 के 1,777 से अधिक मरीज शामिल हैं। गुरुवार को ही 114 नए H1N1 संक्रमित मरीज सामने आने की जानकारी दी गई है। बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगरानी और नियंत्रण के प्रयास तेज कर दिए हैं।
iPhone की EMI नहीं चुका पाए डांस टीचर, तनाव में यमुना में कूदे
स्वास्थ्य मंत्री ने बुलाई उच्चस्तरीय बैठक
आपको बता दें कि, मामलों में वृद्धि के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। बैठक में राजधानी में इन्फ्लुएंजा और H1N1 की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की जा रही है। इसके अलावा संक्रमण को फैलने से रोकने, मरीजों के बेहतर इलाज और अस्पतालों में जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा की जा रही है।
सरकार का कहना है कि अस्पतालों में पर्याप्त बेड, डॉक्टर, दवाएं और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं। वहीं, राजधानी के 35 अस्पतालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि संक्रमण के बढ़ते मामलों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
दिल्ली सरकार ने नागरिकों से संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है। लोगों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकना जरूरी बताया गया है। आवश्यकता पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है।
बड़ी संख्या में घरों में वायरल के लक्षण
दिल्ली-एनसीआर में वायरल बीमारी के बढ़ते प्रभाव को लेकर किए गए एक सर्वे में भी चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। लोकलसर्किल्स के सर्वे में 32,643 लोगों से प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुईं। इनमें 54 प्रतिशत घरों में कम से कम एक व्यक्ति को बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहने या शरीर में दर्द जैसे लक्षण होने की बात सामने आई।
सर्वे के अनुसार, 15 प्रतिशत घरों में एक व्यक्ति, 16 प्रतिशत में दो से तीन सदस्य और 23 प्रतिशत घरों में चार या उससे अधिक लोग इन लक्षणों से प्रभावित पाए गए। इस तरह करीब 39 प्रतिशत घर ऐसे हैं, जहां एक साथ दो या उससे ज्यादा लोग बीमारी के लक्षणों से जूझ रहे हैं। वहीं, 46 प्रतिशत लोगों ने बताया कि उनके घर में फिलहाल किसी को ऐसे लक्षण नहीं हैं।
H1N1 और अन्य बीमारियों के लक्षण मिलते-जुलते
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए एक चुनौती यह भी है कि H1N1, कोविड-19, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और सामान्य वायरल संक्रमण के कई शुरुआती लक्षण एक जैसे हो सकते हैं। बुखार, खांसी, गले में दर्द, सिरदर्द, ठंड लगना और कमजोरी जैसी समस्याएं कई बीमारियों में दिखाई दे सकती हैं।
ऐसे में लगातार या गंभीर लक्षण होने पर लापरवाही करने के बजाय चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। दिल्ली सरकार भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को सक्रिय रखने पर जोर दे रही है।
दिल्ली की जेलों से दूसरे राज्यों में जाएंगे कुख्यात गैंगस्टर, सरकार बदलेगी










