Congress Rally: कांग्रेस रैली को NOC, लेकिन इन नियमों का उल्लंघन पड़ा भारी

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को कांग्रेस की रैली आयोजित होगी। दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था के लिए NOC देते हुए कई शर्तें रखी हैं। कार्यक्रम शाम 5 बजे तक खत्म करना होगा। CCTV कैमरे, पानी, शौचालय, पार्किंग और वॉलंटियर की व्यवस्था जरूरी होगी। भड़काऊ भाषण या नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई हो सकती है।

Congress Rally

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 27, 2026

Advertisements
728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

Congress Rally: दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को कांग्रेस की बड़ी रैली होने जा रही है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से आयोजित इस रैली को लेकर दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने कानून-व्यवस्था के लिहाज से अनापत्ति प्रमाण पत्र यानी NOC दे दिया है। हालांकि, पुलिस ने साफ कर दिया है कि रैली के दौरान तय नियमों का पालन करना आयोजकों की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही रामलीला मैदान का प्रबंधन करने वाले विभाग से भी पहले अनुमति लेनी जरूरी होगी।

सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ही मिलेगा समय

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, कांग्रेस की यह रैली सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा सकती है। आयोजकों को ध्यान रखना होगा कि कार्यक्रम तय समय के अंदर ही खत्म हो जाए। शाम 5 बजे के बाद मैदान खाली कराने की प्रक्रिया शुरू करनी होगी, ताकि वहां भीड़ जमा न रहे और व्यवस्था बनी रहे।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि रैली से पहले, कार्यक्रम के दौरान या उसके बाद किसी भी प्रतिभागी को रामलीला मैदान में रात बिताने की इजाजत नहीं होगी। यानी रैली में शामिल होने वाले लोगों को कार्यक्रम खत्म होने के बाद मैदान से बाहर निकलना होगा।

रामलीला मैदान में CCTV कैमरों से होगी निगरानी

रामलीला मैदान में CCTV कैमरों से होगी निगरानी

रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने CCTV निगरानी के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। आयोजकों को मैदान के प्रवेश और निकास द्वार, मंच, बैठने की जगह और आसपास के प्रमुख स्थानों पर हाई डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाने होंगे। इन कैमरों में रिकॉर्डिंग की सुविधा भी होनी चाहिए।इसके अलावा, निगरानी के लिए कम से कम पांच मॉनिटर लगाने होंगे और एक अलग CCTV कंट्रोल रूम भी तैयार करना होगा। इन इंतजामों का मकसद रैली के दौरान होने वाली गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करना है।

728x90-Pension-Mission-Shakti-Digital

कांग्रेस रैली में पानी, शौचालय और वॉलंटियर की व्यवस्था जरूरी

रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने बुनियादी सुविधाओं पर भी जोर दिया है। आयोजकों को पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर और शौचालय उपलब्ध कराने होंगे। महिला प्रतिभागियों के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था करना भी जरूरी होगा।भीड़ को नियंत्रित करने और कार्यक्रम को सुचारु रूप से चलाने के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर तैनात करने होंगे। इनकी पहचान के लिए एक जैसी ड्रेस या कॉमन बैज होना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस और दूसरे अधिकारी उन्हें आसानी से पहचान सकें।

भड़काऊ भाषण देने पर तुरंत बंद करना होगा PA सिस्टम

भड़काऊ भाषण देने पर तुरंत बंद करना होगा PA सिस्टम

दिल्ली पुलिस ने साफ कहा है कि कांग्रेस की रैली शांतिपूर्ण तरीके से होनी चाहिए। किसी भी तरह की हिंसा, हंगामा या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाषणों में जाति, धर्म, रंग या किसी अन्य मुद्दे पर ऐसी टिप्पणी नहीं होनी चाहिए, जिससे आपसी सौहार्द और शांति प्रभावित हो।अगर कोई वक्ता भड़काऊ या धमकी भरा भाषण देता है, तो आयोजकों को तुरंत PA सिस्टम बंद करना होगा और संबंधित वक्ता को मंच से हटाना होगा। इसके अलावा, रामलीला मैदान से बाहर किसी दूसरे स्थान की ओर मार्च निकालने की अनुमति भी नहीं होगी।

ट्रैफिक और पार्किंग के नियमों का करना होगा पालन

रैली में आने वाली बसों, कारों, टेंपो और दूसरे वाहनों को ट्रैफिक पुलिस की ओर से तय की गई जगहों पर ही पार्क करना होगा। आयोजकों को आमंत्रित लोगों और वॉलंटियर की सूची, कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल, बसों की संख्या और उनके रजिस्ट्रेशन नंबर भी उपलब्ध कराने होंगे। पुलिस ने कहा है कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा। अगर रैली के दौरान किसी भी शर्त का उल्लंघन किया जाता है, तो आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है। साथ ही, नियमों का पालन नहीं होने पर पुलिस अनुमति को कभी भी रद्द कर सकती है।