Delhi Bus Accident: करोल बाग में पलटी डबल डेकर बस, 2 की मौत, कई घायल

दिल्ली के करोल बाग इलाके में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। झंडेवालान मंदिर के पास राजस्थान से आ रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मार्च 25, 2026

Delhi Bus Accident: देश की राजधानी दिल्ली का करोल बाग इलाका मंगलवार और बुधवार (24-25 मार्च) की दरम्यानी रात एक चीख-पुकार से दहल गया। झंडेवालान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Delhi Budget Highlights: फ्री बिजली पर बड़ा ऐलान, जानिए किन योजनाओं की हुई बरसात

देर रात 1:10 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 1 बजकर 10 मिनट पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी और अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क पर पलट गई। दमकल विभाग को हादसे की सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि यह बस राजस्थान से दिल्ली आ रही थी। हादसे के वक्त बस में लगभग 25 यात्री सवार थे।

भयावह था घटनास्थल का मंजर

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की खिड़कियां और फ्रंट मिरर पूरी तरह चकनाचूर हो गए। सड़क पर हर तरफ कांच के टुकड़े, यात्रियों के जूते-चप्पल, बैग और खाने-पीने का सामान बिखरा पड़ा था। बस के पलटते ही अंदर सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए कई यात्री टूटी हुई खिड़कियों से बाहर कूदने लगे। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, घायलों के शरीर से काफी खून बह रहा था और चारों ओर चीख-पुकार मची थी।

ओवरस्पीडिंग और ड्राइवर को नींद आने की आशंका

हादसे के समय मौके पर मौजूद एक ऑटो चालक ने बताया कि बस की गति करीब 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। गोल चक्कर के पास पहुंचते ही चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। वहीं, एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी दीपक के अनुसार, उस समय सड़क बिल्कुल खाली थी और कोई रुकावट नहीं थी, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि शायद ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।

जेसीबी और रस्सियों के सहारे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और ऑटो चालक मदद के लिए दौड़े। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया था। बस के पिछले हिस्से में एक बच्चा और एक महिला बुरी तरह फंसे हुए थे। वहां खड़ी एक जेसीबी मशीन का सहारा लिया गया और रस्सियों को बस में बांधकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

यात्रियों के लिए चेतावनी

पुलिस और प्रशासन ने रात के समय यात्रा करने वाले चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें और थकान महसूस होने पर वाहन चलाने से बचें। करोल बाग जैसे व्यस्त इलाकों में रात के समय भी सावधानी बरतना अनिवार्य है।

Delhi Budget 2026: बड़ा फैसला! दिल्ली सरकार देगी साइकिल और लैपटॉप, देखें पूरी लिस्ट