Delhi Assembly Security Breach: ‘भांजा लापता था इसलिए गाड़ी घुसाई’, आरोपी सरबजीत का अजीबोगरीब दावा

दिल्ली विधानसभा में कार घुसाने वाले सरबजीत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी का दावा है कि उसका भांजा लापता है और पुलिस का ध्यान खींचने के लिए उसने यह कदम उठाया। पुलिस जांच कर रही है कि यह मानसिक बीमारी का मामला है या सोची-समझी साजिश।

Delhi Assembly Security Breach

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 7, 2026

Delhi Assembly Security Breach: राजधानी दिल्ली के उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र दिल्ली विधानसभा में अपनी नई टाटा सियारा कार घुसाने वाले आरोपी सरबजीत को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस ने इस खतरनाक कृत्य के लिए आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान सरबजीत ने जो दावे किए हैं, उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस प्रशासन को सकते में डाल दिया है।

विधानसभा में घुसपैठ का मकसद

दिल्ली पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सरबजीत ने दावा किया है कि उसका यह कदम किसी आतंकी हमले का हिस्सा नहीं बल्कि व्यवस्था के प्रति उसका आक्रोश था। उसने बताया कि उसका भांजा पिछले एक हफ्ते (1 अप्रैल) से लापता है और हरी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पुलिस उचित कार्रवाई नहीं कर रही थी। सरबजीत का मानना था कि विधानसभा परिसर में गाड़ी घुसाकर वह किसी बड़े अधिकारी का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहेगा, जो उसके भांजे की तलाश में मदद कर सके।

हथियार के रूप में कार का इस्तेमाल

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, जांच में यह बात सामने आई है कि सरबजीत आर्थिक रूप से संपन्न है और उसने हाल ही में फरवरी में नई टाटा सियारा गाड़ी खरीदी थी। पुलिस को उसके पास से कोई पिस्तौल या चाकू जैसे पारंपरिक हथियार बरामद नहीं हुए हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि उसने अपनी भारी-भरकम गाड़ी को ही घातक हथियार (Deadly Weapon) की तरह इस्तेमाल किया। पुलिस के मुताबिक, वह ग्रिल तोड़कर अंदर घुसा और उसकी कार किसी की जान भी ले सकती थी। लॉकअप में भी सरबजीत का व्यवहार अत्यंत हिंसक और ‘वॉयलेंट’ बना हुआ है, जहाँ वह रात भर चिल्लाता रहा और ग्रिल पीटता रहा।

रास्ता भटकने पर ऑटो चालकों की मदद

एक दिलचस्प खुलासा यह हुआ है कि सरबजीत को दिल्ली के रास्तों की जानकारी नहीं थी। विधानसभा पहुंचने के लिए उसने दो ऑटो/टैक्सी चालकों को 2000 रुपये का लालच देकर अपनी कार में बैठाया था ताकि वे उसे रास्ता दिखा सकें। उसने उनसे संसद भवन (पार्लियामेंट) जाने का पता पूछा था। हालांकि, अब तक की जांच में उन दोनों व्यक्तियों की कोई आपराधिक भूमिका सामने नहीं आई है। पुलिस अब सरबजीत का मेडिकल परीक्षण करवाकर उसे तीस हजारी कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।

पत्नी का बयान और कॉल रिकॉर्ड्स की गहन जांच

मामले में एक नया मोड़ तब आया जब सरबजीत की पत्नी ने शाहजहांपुर का एक मेडिकल पर्चा (Medical Prescription) पेश किया। पत्नी का दावा है कि सरबजीत का मानसिक इलाज चल रहा है और वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं है। पुलिस इस दावे को वेरिफाई करने के लिए उसके कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) और मेडिकल हिस्ट्री खंगाल रही है। आरोपी जिस तरह की ‘महाराजा की तलवार’ जैसी अजीबोगरीब बातें कर रहा है, उससे पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि यह मानसिक अस्थिरता का मामला है या गिरफ्तारी से बचने का कोई नया पैंतरा।