Delhi Airport: रविवार, 26 अप्रैल की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर एक बड़ा विमान हादसा होते-होते रह गया। ज्यूरिख जाने वाली स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 के टेकऑफ के दौरान इंजन में भीषण आग लग गई। पायलट की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ के कारण एक बड़ी त्रासदी टल गई और सैकड़ों जिंदगियां सुरक्षित बचा ली गईं।
टेकऑफ के दौरान इंजन में लगी आग
बताते चले कि, दिल्ली से ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने को तैयार स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस का विमान जब रनवे पर दौड़ रहा था, तभी अचानक एक इंजन में तकनीकी खराबी और आग की लपटें देखी गईं। विमान उस समय टेकऑफ की प्रक्रिया में था, जिससे स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। पायलट ने बिना समय गंवाए आपातकालीन ब्रेक लगाए और उड़ान को रद्द कर दिया। इस विमान सुरक्षा संकट के तुरंत बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
यात्रियों का रेस्क्यू ऑपरेशन
आपको बता दे कि, विमान रुकते ही इमरजेंसी स्लाइड खोल दी गईं ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। इस आपातकालीन निकासी प्रक्रिया के दौरान विमान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एयरलाइन के अनुसार, कुछ यात्री स्लाइड का उपयोग करने में असमर्थ थे, जिन्हें सीढ़ियों की मदद से नीचे उतारा गया। इस पूरी जद्दोजहद में 6 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्रू मेंबर्स ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भीड़ को नियंत्रित कर सभी को सुरक्षित निकाला।
एयरबस A330 में सवार थे 232 लोग
अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एयरबस A330 विमान (LX147) ने रात करीब 1:08 बजे रनवे पर गति पकड़नी शुरू की थी। इस विमान में कुल 228 वयस्क यात्री, 4 शिशु और चालक दल के सदस्य सवार थे। जैसे ही विमान का एक इंजन फेल हुआ, सुरक्षा अलार्म बज उठे। राहत की बात यह रही कि क्रू के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और समय रहते विमान को ग्राउंडेड कर दिया गया, जिससे हवा में होने वाली किसी भी बड़ी दुर्घटना की संभावना खत्म हो गई।
घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश
हादसे के बाद SWISS एयरलाइन ने प्रेस वक्तव्य जारी कर पूरी स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी ने बताया कि दिल्ली में हुई इस घटना की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है। एयरलाइन की स्थानीय टीम प्रभावित यात्रियों के ठहरने और उनके लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था में जुटी है। एयरलाइन ने आश्वासन दिया है कि विमान की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञ जल्द ही दिल्ली पहुंचेंगे ताकि इंजन में आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।









