Deepika Nagar Murder Case: दीपिका नागर हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, सास और चाचा ससुर गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दीपिका नागर की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने सास पूनम और चाचा ससुर विनोद को गिरफ्तार किया है।

Deepika Nagar Murder Case

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 20, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Deepika Nagar Murder Case: ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जलपुरा गांव की रहने वाली दीपिका नागर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दहेज हत्या (Dowry Death) के आरोपों का सामना कर रहे ससुराल पक्ष पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने अब दीपिका की सास और चाचा ससुर को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मृतका के पति और ससुर पहले से ही सलाखों के पीछे हैं।

Delhi High Court News: केजरीवाल-सिसोदिया को चुनाव लड़ने से रोकने की मांग खारिज, हाई कोर्ट ने जनहित याचिका को दुत्कारा

फॉर्च्यूनर और 50 लाख की मांग

यह दर्दनाक घटना 17 मई की रात को जलपुरा गांव में घटित हुई थी, जहां दीपिका नागर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। दीपिका के मायके वालों (कुडी खेड़ा गांव) का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज के लिए दीपिका को प्रताड़ित कर रहे थे। ससुराल पक्ष की ओर से लगातार एक फॉर्च्यूनर कार और ₹50 लाख नगद की मांग की जा रही थी।

मांग पूरी न होने पर दीपिका की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए उनके पिता ने इकोटेक-3 कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले मुख्य आरोपी पति रितिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

फरार आरोपी भी चढ़े पुलिस के हत्थे

कोतवाली प्रभारी के अनुसार, केस दर्ज होने के बाद से ही मृतका की सास पूनम और चाचा ससुर विनोद फरार चल रहे थे। पुलिस टीमों ने दबिश देकर इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। दूसरी तरफ, मृतका के पैतृक गांव कुडी खेड़ा में परिजनों ने दीपिका की आत्मा की शांति के लिए हवन कराया, जिसमें भारी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा

दीपिका नागर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीर बना दिया है। डॉक्टरों की रिपोर्ट से साफ जाहिर होता है कि मौत से पहले दीपिका के साथ बेहद हिंसक और क्रूर व्यवहार किया गया था। उनके शरीर के बाहरी और अंदरूनी हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।

शरीर पर मिले बाहरी चोटों के मुख्य बिंदु

चेहरे के दाहिने हिस्से पर 12 सेमी लंबा और 9 सेमी चौड़ा गहरा कंट्यूजन (नील/चोट) पाया गया। बाएं हाथ की कोहनी और फोरआर्म पर चोटें थीं। दाहिने पैर की जांघ पर 38 सेमी लंबा और 14 सेमी चौड़ा गहरा नीला निशान मिला। बाएं घुटने पर चोट इस कदर गहरी थी कि घाव हड्डी तक पहुंच चुका था। कमर, पेट के निचले हिस्से, दाहिने कूल्हे और दोनों हाथों पर गंभीर दबाव के निशान मिले। इसके अलावा बाएं कान से खून बहने की पुष्टि भी हुई है।

फट गई थी तिल्ली, दिमाग में जमा था खून

बाहरी चोटों के अलावा आंतरिक जांच (Internal Examination) की रिपोर्ट और भी ज्यादा खौफनाक है, जो बर्बरता की कहानी बयां करती है।

मस्तिष्क में हेमेटोमा: अत्यधिक मारपीट के कारण दीपिका के मस्तिष्क के मध्य और बाईं ओर खून का थक्का (Hematoma) जम गया था।

फटी हुई तिल्ली (Spleen): पेट पर किसी भारी प्रहार या लात-घूंसों के कारण दीपिका की तिल्ली फट गई थी, जिससे बड़े पैमाने पर अंदरूनी रक्तस्राव (Internal Bleeding) हुआ।

हृदय और किडनी की स्थिति: रिपोर्ट में दिल के चैंबर पूरी तरह खाली पाए गए, जो शरीर से अत्यधिक खून बह जाने को दर्शाता है। भारी ब्लीडिंग के कारण ही बाईं किडनी भी पीली पड़ चुकी थी।

मौत के सटीक कारण के लिए विसरा रिपोर्ट का इंतजार

हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ है कि दीपिका को बेरहमी से पीटा गया था, लेकिन मौत की अंतिम और सटीक वजह को वैज्ञानिक रूप से स्पष्ट करने के लिए डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित रख लिया है। किसी भी तरह के विषैले पदार्थ या जहर दिए जाने की आशंका को खारिज करने के लिए विसरा को फोरेंसिक लैब (FSL) जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक और विसरा रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में धाराएं और मजबूत की जाएंगी।

Delhi Firing : राजधानी दिल्ली में सरेआम फायरिंग, कॉलेज के नजदीक युवक को उतारा मौत के घाट

2