CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने सोमवार को बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में चार और पदक डाले। भारतीय समयानुसार देर रात समाप्त हुई विभिन्न स्पर्धाओं में भारत ने एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। इन उपलब्धियों के साथ भारत के कुल पदकों की संख्या 10 हो गई है, जिसमें 2 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं। मौजूदा समय में भारत पदक तालिका में आठवें स्थान पर बना हुआ है।
IND vs ZIM: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी का बल्ला गरजा, टीम इंडिया ने बनाया 192 रन
शर्मिला ने शॉट पुट एफ57 में जीता स्वर्ण पदक
महिला शॉट पुट एफ57 वर्ग में भारत की पैरा एथलीट शर्मिला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने फाइनल मुकाबले में 9.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, जो इस सीजन का उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन भी रहा। शर्मिला ने कुल छह प्रयास किए, जिनमें उन्होंने 9.48, 9.58, 9.81, 9.17, 9.37 और 9.60 मीटर की दूरी तक गोला फेंका। तीसरे प्रयास में किया गया 9.81 मीटर का थ्रो उन्हें स्वर्ण पदक दिलाने के लिए पर्याप्त साबित हुआ।
घाना को रजत, भारत की शिल्पा ने जीता कांस्य
इस स्पर्धा में घाना की जिनाबु इसाह ने 8.65 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक अपने नाम किया। उनके सभी प्रयासों में 8.65 मीटर सर्वश्रेष्ठ रहा, जो उनका सीजन बेस्ट प्रदर्शन भी था। वहीं भारत की शिल्पा कंचुगरकोप्पालु शायला ने 7.26 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। उनके छह प्रयासों में अंतिम प्रयास अमान्य रहा, लेकिन तीसरे प्रयास में हासिल की गई 7.26 मीटर की दूरी उनके करियर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साबित हुई।
हाई जंप में सर्वेश अनिल कुशारे को मिला रजत
पुरुष हाई जंप फाइनल में भारत के सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.25 मीटर की ऊंचाई पार कर रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्वर्ण पदक के लिए जमैका के रोमेन बेकफोर्ड को कड़ी टक्कर दी। दोनों खिलाड़ियों ने समान ऊंचाई पार की, लेकिन कम प्रयासों के आधार पर किए गए काउंटबैक नियम के कारण बेकफोर्ड को स्वर्ण पदक मिला, जबकि सर्वेश को रजत से संतोष करना पड़ा। इंग्लैंड के किमानी जैक ने 2.20 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक जीता। भारत के एक अन्य खिलाड़ी आदर्श राम ज्योति शंकर 2.15 मीटर की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
वेटलिफ्टिंग में अजय बाबू ने दिलाया दूसरा रजत
पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत के वल्लूरी अजय बाबू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। उन्होंने कुल 330 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें स्नैच में 149 किलोग्राम का गेम रिकॉर्ड और क्लीन एंड जर्क में 181 किलोग्राम शामिल रहा। हालांकि, मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद ने कुल 331 किलोग्राम वजन उठाकर नया गेम रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इंग्लैंड के क्रिस मरे ने 325 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक हासिल किया।
Commonwealth Games से आई बड़ी खबर, दर्दनाक हादसे का वीडियो वायरल
भारत की पदक संख्या पहुंची 10
सोमवार को मिले चार नए पदकों के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 10 हो गई है। भारतीय खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन आगामी मुकाबलों के लिए भी उत्साहवर्धक माना जा रहा है। देश को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भारतीय खिलाड़ी और भी पदक जीतकर राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगे।










