CSK VS RR: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के तीसरे महामुकाबले में सोमवार को क्रिकेट फैंस को एक बेहद रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलने वाली है। गुवाहाटी के खूबसूरत बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना रजवाड़ों की टीम राजस्थान रॉयल्स (RR) से होगा। दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत कायम करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। हालांकि, चेन्नई की राह इस मुकाबले में कतई आसान नहीं होने वाली है। राजस्थान रॉयल्स के खेमे में कुछ ऐसे धुरंधर मौजूद हैं जो अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं। आइए नजर डालते हैं राजस्थान के उन 5 सबसे बड़े ‘गेम चेंजर्स’ पर, जो गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे बड़ी मुसीबत का सबब बन सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी का तूफान
राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग अटैक के लिए काल साबित हो सकते हैं। वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनका बेखौफ अंदाज है। अगर वह शुरुआती छह ओवर के पावरप्ले में क्रीज पर टिक गए, तो चेन्नई के गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगड़ना तय है। पिछले एक साल में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कोहराम मचाने वाले वैभव ने आईपीएल 2025 के 7 मैचों में 206 के हैरतअंगेज स्ट्राइक रेट से 252 रन कूट डाले थे। अब वह और भी ज्यादा परिपक्व और घातक होकर मैदान पर लौट रहे हैं।
यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड
राजस्थान के विस्फोटक ओपनर यशस्वी जायसवाल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रन बनाना बेहद रास आता है। आंकड़े गवाह हैं कि पीली जर्सी वाली टीम को देखते ही यशस्वी का बल्ला और ज्यादा आक्रामक हो जाता है। उन्होंने चेन्नई के विरुद्ध अब तक खेले 8 मैचों में 161 के विध्वंसक स्ट्राइक रेट के साथ 266 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शानदार अर्धशतक शामिल हैं। यदि यशस्वी गुवाहाटी की सपाट पिच पर अपनी लय पकड़ लेते हैं, तो रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम की मुश्किलें कई गुना बढ़ सकती हैं।
शिमरोन हेटमायर की आतिशबाजी
वेस्टइंडीज के धाकड़ मध्यक्रम बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर इन दिनों अपने करियर के सबसे बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे हैं। हाल ही में संपन्न हुए टी20 विश्व कप 2026 में कैरेबियाई धुरंधर ने विपक्षी गेंदबाजों के धागे खोल दिए थे। उन्होंने विश्व कप के 7 मैचों में 186 के स्ट्राइक रेट से ताबड़तोड़ 248 रन बनाए थे, जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल थे। हेटमायर का फॉर्म में होना राजस्थान के मिडिल ऑर्डर को बेहद मजबूत बनाता है और वह अंतिम ओवरों में अकेले दम पर मैच खींच ले जाने की पूरी काबिलियत रखते हैं।
रवींद्र जडेजा बने राजस्थान के ट्रंप कार्ड
इस मुकाबले का सबसे दिलचस्प पहलू हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा का राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में होना है। लंबे समय तक चेन्नई सुपर किंग्स की रीढ़ की हड्डी रहे जडेजा अब राजस्थान के सबसे बड़े ‘ट्रंप कार्ड’ बन चुके हैं। वह चेन्नई के ड्रेसिंग रूम के माहौल, वहां के खिलाड़ियों की ताकत और उनकी कमजोरियों की रग-रग से वाकिफ हैं। राजस्थान की टीम रणनीतिक तौर पर जडेजा के इस अनुभव का भरपूर फायदा उठाएगी। वह बल्ले और गेंद दोनों से मैच विनर साबित हो सकते हैं।
जोफ्रा आर्चर की रफ्तार
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर चेन्नई के बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आर्चर के पास न सिर्फ 145+ किमी प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार है, बल्कि उनकी सटीक यॉर्कर और सधी हुई लाइन-लेंथ किसी भी मजबूत बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने का माद्दा रखती है। हालिया टी20 विश्व कप 2026 में आर्चर का जलवा देखने को मिला था, जहां वह पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा डॉट गेंदें (Dot Balls) फेंकने वाले गेंदबाज रहे थे।









