Crash Plane Black Box: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बुधवार, 28 जनवरी को एक विमान दुर्घटना में हुई मौत के बाद जांच प्रक्रिया ने तेजी पकड़ ली है। हादसे के एक दिन बाद दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पुष्टि की है कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) दोनों सुरक्षित रूप से खोज लिए गए हैं। इन उपकरणों से हादसे से पहले की परिस्थितियों और तकनीकी कारणों का पता लगाने में मदद मिलेगी।
चार्टर्ड लर्नजेट 45 का ब्लैक बॉक्स मिला

अधिकारियों के अनुसार, यह विमान दिल्ली स्थित वीएसआर एविएशन कंपनी का चार्टर्ड लर्नजेट 45 था। पहले ही यह स्पष्ट कर दिया गया था कि ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद ही हादसे के पीछे की घटनाओं का सही क्रम समझा जा सकेगा। अब ब्लैक बॉक्स की बरामदगी के साथ जांच एजेंसियों को महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी मिलने की उम्मीद है, जिससे यह साफ हो सकेगा कि दुर्घटना मानवीय भूल थी या तकनीकी खराबी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय का आधिकारिक बयान
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि बारामती के पास हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे के तुरंत बाद सभी बचाव और जांच एजेंसियों को सक्रिय कर दिया गया था। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की दिल्ली से आई तीन सदस्यीय टीम और डीजीसीए की मुंबई क्षेत्रीय टीम ने घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। AAIB के डायरेक्टर जनरल भी स्वयं मौके पर पहुंचे। मंत्रालय ने कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर, निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार की जाएगी।
जांच में जुटीं कई एजेंसियां
गुरुवार को डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक विशेषज्ञ और अन्य तकनीकी टीमें बारामती में दुर्घटनास्थल पर मौजूद रहीं। वहीं, पुणे ग्रामीण पुलिस ने इस मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली है। सभी एजेंसियां मिलकर हादसे के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं।
क्रैश से पहले क्रू की आखिरी बातचीत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे से ठीक पहले कॉकपिट में क्रू के आखिरी शब्द कथित तौर पर “ओह शिट… ओह शिट” थे। बताया जा रहा है कि मुख्य पायलट ने क्रैश से पहले कोई ‘मेडे कॉल’ नहीं दिया था, जिससे संकेत मिलता है कि स्थिति अचानक और बेहद गंभीर हो गई थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
कैसे हुआ विमान हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विमान ने बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग का पहला प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। दूसरे प्रयास में विमान रनवे की ओर लौट रहा था, तभी एयरपोर्ट से लगभग 100 फीट की दूरी पर वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश होते ही विमान में कई जोरदार धमाके हुए, जिससे सभी सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
यात्रा का पूरा विवरण
अजित पवार बुधवार सुबह करीब 8:10 बजे मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। सुबह लगभग 8:45 बजे लैंडिंग से ठीक पहले विमान क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार के साथ उनके निजी सुरक्षा अधिकारी, एक फ्लाइट अटेंडेंट, मुख्य पायलट और को-पायलट की भी जान चली गई।









