Ram Mandir Donation: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस का बड़ा दांव! अजय राय के नेतृत्व में अयोध्या कूच करेगी 9 सदस्यीय टीम

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में 9 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या का दौरा करेगा। इस दौरान पार्टी रामलला के दर्शन के साथ ही चंदा घोटाले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की तैयारी में है। कांग्रेस ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Ram Mandir Donation

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 29, 2026

Ram Mandir Donation: राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में जबरदस्त उबाल ला दिया है। इस विवाद के बीच अब कांग्रेस पार्टी ने भी मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी का 9 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या का दौरा करेगा। यह दल सुबह 9 बजे लखनऊ से रवाना होकर 11 बजे अयोध्या पहुंचेगा, जहां कांग्रेस नेता सबसे पहले रामलला के दर्शन करेंगे। सियासी गलियारों में चर्चा है कि इस दौरे के दौरान कांग्रेस नेता चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सरकार को घेरने के लिए विरोध प्रदर्शन भी कर सकते हैं।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल दिग्गज नेता और चुनावी रणनीति

बताते चले कि, इस उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के कई कद्दावर नेता शामिल किए गए हैं, जो इस मुद्दे पर पार्टी की गंभीरता को दर्शाते हैं। टीम में अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर के सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज के सांसद उज्ज्वल रमन सिंह और बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया शामिल हैं। इनके साथ ही फरेंदा के विधायक विरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद एपी गौतम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और पूर्व विधायक मीता गौतम जैसे अनुभवी नेता भी अयोध्या जाएंगे। इन नेताओं का एक साथ अयोध्या पहुंचना यह संकेत देता है कि कांग्रेस इस मामले को लेकर सरकार को पूरी तरह बैकफुट पर धकेलने की तैयारी में है।

चढ़ावा चोरी पर उपजा जन-आक्रोश

चढ़ावा चोरी के इस कथित घोटाले को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बीजेपी पर तीखे बाण चलाए हैं। राय का कहना है कि इस मामले को लेकर पूरे देश में जन-आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि जनता में इतना गुस्सा है कि अब बीजेपी कार्यकर्ताओं को गांवों में ‘चंदा चोर, वापस जाओ’ जैसे नारों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं बदली, तो जल्द ही गांवों में बीजेपी नेताओं के प्रवेश पर रोक लगाने वाले बैनर लग सकते हैं और जनता उनका पूर्ण सामाजिक बहिष्कार करने पर उतारू हो सकती है।

प्रशासन को सुरक्षा की चेतावनी

कांग्रेस ने इस गंभीर मुद्दे पर सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि वे न केवल जन-कल्याण और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करने जा रहे हैं, बल्कि इस बड़े भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज भी बुलंद करेंगे। इस दौरे के मद्देनजर, यूपी कांग्रेस कमेटी ने अयोध्या पुलिस और जिला प्रशासन को आधिकारिक पत्र भेजकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनके प्रस्तावित कार्यक्रम में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

अमेठी सांसद ने बीजेपी को घेरा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए बीजेपी सरकार पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपों की एक निष्पक्ष और उच्च-स्तरीय जांच की पुरजोर मांग की है। शर्मा ने स्पष्ट कहा कि इस कथित घोटाले की सच्चाई सामने लाने के लिए कोर्ट के किसी सिटिंग जज की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र कमेटी का गठन किया जाना चाहिए। कांग्रेस की यह मांग अब सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन गई है, क्योंकि राम मंदिर से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर उठते सवाल सीधे तौर पर बीजेपी के राष्ट्रवाद के एजेंडे को चोट पहुँचा रहे हैं।