Cocktail 2 Box Office: होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित और शाहिद कपूर, कृति सेनन तथा रश्मिका मंदाना अभिनीत फिल्म ‘कॉकटेल 2’ ने सिनेमाघरों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए धमाकेदार शुरुआत की है। 19 जून को रिलीज हुई यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म भले ही समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया पा रही हो, लेकिन दर्शकों के बीच इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ओपनिंग वीकेंड पर फिल्म ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया और रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है।
पहले सप्ताह का कुल कलेक्शन और कमाई के आंकड़े
बताते चले कि, फिल्म ने अपने पहले सप्ताह के सफर को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। ट्रेड वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के आंकड़ों के अनुसार, रिलीज के आठवें दिन तक फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 70.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म की शुरुआत 13.50 करोड़ रुपये के शानदार आंकड़े से हुई थी। हालांकि वीकडेज (कार्यदिवसों) में कमाई की गति में थोड़ी सुस्ती देखी गई, लेकिन फिल्म ने अपने पहले ही सप्ताह में 70 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘कॉकटेल 2’ का शानदार परफॉर्मेंस
यह फिल्म इस वर्ष अब तक रिलीज हुई 28 अन्य फिल्मों को पछाड़ते हुए ‘पहले सप्ताह की सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों’ की सूची में चौथे स्थान पर काबिज हो गई है। ‘कॉकटेल 2’ ने केवल ‘धुरंधर 2’, ‘बॉर्डर 2’ और ‘भूत बंगला’ जैसी बड़ी फिल्मों को ही अपने से आगे रहने दिया है। पहले सप्ताह में ही इतनी बड़ी राशि जुटाकर फिल्म ने यह साबित कर दिया है कि शाहिद, कृति और रश्मिका की तिगड़ी बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को खींचने में पूरी तरह सफल रही है।
शाहिद कपूर की पिछली फिल्मों के लाइफटाइम रिकॉर्ड को चुनौती
‘कॉकटेल 2’ की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसने शाहिद कपूर की पिछली फिल्म ‘देवा’ के लाइफटाइम कलेक्शन को मात्र कुछ दिनों में ही पीछे छोड़ दिया है। अब यह फिल्म अभिनेता की ही फिल्म ‘ओ’रोमियो’ (लाइफटाइम कलेक्शन 72.99 करोड़) के रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब है। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि दूसरे शुक्रवार को यह फिल्म आसानी से उस आंकड़े को पार कर लेगी। इसके बाद फिल्म का अगला लक्ष्य शाहिद-कृति की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ के 85.16 करोड़ के लाइफटाइम कलेक्शन को मात देना होगा।
होमी अदजानिया की ‘कॉकटेल 2’ का निर्माण
दिनेश विजान, लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा निर्मित यह फिल्म 2012 की सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का स्पिरिचुअल सीक्वल है। फिल्म की पटकथा को लव रंजन और तरुण जैन ने बारीकी से बुना है। जहाँ पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी की तिकड़ी थी, वहीं इस नए संस्करण में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना ने दर्शकों को एक नया अनुभव दिया है। अपनी आकर्षक कहानी और संगीत के साथ, यह फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर और भी नए कीर्तिमान स्थापित करने की ओर अग्रसर है।










