CNG Price Hike: जनता को फिर झटका, सीएनजी के दाम में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी

मुंबई में आज सीएनजी गैस की कीमतों में फिर 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के अनुसार अब सीएनजी का भाव 84 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।

CNG Price Hike

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 30, 2026

CNG Price Hike: आम जनता की जेब पर एक बार फिर महंगाई का बोझ बढ़ गया है। मुंबई और उसके आस-पास के क्षेत्रों (MMR) में सीएनजी (CNG) उपभोक्ताओं को अब गैस के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी। महानगर गैस लिमिटेड ने सीएनजी के खुदरा विक्रय मूल्य (RSP) में सीधे 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। सीएनजी की ये नई दरें 29 मई 2026 की मध्यरात्रि से पूरी तरह प्रभावी हो चुकी हैं। इस ताजा इजाफे के बाद मुंबई में सीएनजी का खुदरा भाव ₹84 प्रति किलो से बढ़कर अब ₹86 प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुँच गया है।

Gold Price Today: सोना फिर हुआ महंगा! जानिए आपके शहर में आज क्या हैं गोल्ड के नए रेट

क्यों बढ़े सीएनजी के दाम?

महानगर गैस लिमिटेड (MGL) के अधिकारियों के अनुसार, वैश्विक और घरेलू स्तर पर कई ऐसे कारक हैं जिनकी वजह से कीमतें बढ़ाना कंपनी की मजबूरी बन गया था।

लागत में वृद्धि: गैस उत्पादन और वितरण से जुड़ी इनपुट कॉस्ट (लागत) में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

वैश्विक संकट: पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में जारी भू-राजनीतिक तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय गैस बाजार में सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। वैश्विक स्तर पर आयात खर्च बढ़ने के कारण कंपनियों को इस अतिरिक्त वित्तीय भार की भरपाई के लिए खुदरा दाम बढ़ाने पड़े हैं।

ऑटो-टैक्सी का किराया बढ़ने के आसार

सीएनजी के दामों में हुई इस बढ़ोतरी का सीधा असर निजी कार मालिकों के साथ-साथ टैक्सी, ऑटो रिक्शा और व्यावसायिक वाहनों (कमर्शियल गाड़ियों) के परिचालन पर पड़ेगा। इस बीच, मुंबई रिक्शा मैन्स यूनियन के नेताओं ने परिवहन विभाग से मांग की है कि सीएनजी महंगी होने के कारण ऑटो और टैक्सी के बेस फेयर (न्यूनतम किराए) में कम से कम 1 रुपये की बढ़ोतरी की जाए। यदि सरकार इस मांग को मानती है, तो मुंबईकरों की दैनिक यात्रा और अधिक महंगी हो जाएगी।

महज दो हफ्तों में दूसरी बार बढ़ीं कीमतें

मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में मई के महीने के दौरान सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले बीते 14 मई को भी गैस वितरण कंपनियों ने सीएनजी के दाम में ₹2 प्रति किलो का इजाफा किया था, जिससे भाव ₹82 से बढ़कर ₹84 हुआ था। अब ठीक 15 दिन बाद दोबारा ₹2 की वृद्धि होने से जनता दोहरी मार झेल रही है।

दिल्ली-एनसीआर में भी सीएनजी की ‘अग्निपरीक्षा’

सिर्फ मुंबई ही नहीं, देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों (एनसीआर) में भी सीएनजी की कीमतों में आग लगी हुई है। मई के महीने में ही दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के दाम कुल चार बार बढ़ाए जा चुके हैं:

15 मई: ₹2 प्रति किलो की वृद्धि

17 मई: ₹1 प्रति किलो की वृद्धि

23 मई: ₹1 प्रति किलो की वृद्धि

26 मई: ₹2 प्रति किलो की वृद्धि

इस सिलसिलेवार बढ़ोतरी के कारण महज 11 दिनों के भीतर दिल्ली में सीएनजी की कीमत ₹77.09 से छलांग लगाकर सीधे ₹83.09 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों में तो सीएनजी की कीमतें और भी अधिक यानी ₹91.70 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक जा पहुंची हैं।

अचानक आधी कीमत पर पहुंचा LIC का शेयर, क्या है इस बड़ी गिरावट का पूरा मामला?