CM Yogi Firozabad visit 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह 11:15 बजे फिरोजाबाद जिले के टूंडला स्थित उसायनी गांव पहुंच रहे हैं। अपने इस अहम दौरे के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए 650 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत बने 568 आवासों का हस्तांतरण होगा, जिनकी चाबियां मुख्यमंत्री स्वयं अपने हाथों से पात्र लाभार्थियों को सौंपेंगे।
मुख्यमंत्री के इस भव्य आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आयोजन स्थल पर वीवीआईपी हेलीपैड और एक विशाल वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। जिलाधिकारी (DM) ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सभी सुरक्षा और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
India Weather Update : 20 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, भीषण गर्मी से राहत के संकेत
बेघरों को मिलेगा अपना आशियाना
केंद्र सरकार द्वारा शहरी क्षेत्र के बेघर लोगों को छत मुहैया कराने के उद्देश्य से मार्च 2019 में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की शुरुआत की गई थी। इसी योजना के अंतर्गत फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण (विप्रा) ने उसायनी गांव के समीप इस आधुनिक आवासीय कॉलोनी का निर्माण कराया था।
आवासों का निर्माण कार्य काफी समय पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन आधिकारिक लोकार्पण न हो पाने के कारण पात्र लाभार्थियों को उनका कब्जा नहीं मिल पा रहा था। विप्रा उपाध्यक्ष द्वारा शासन स्तर पर लगातार किए जा रहे पत्राचार के बाद आखिरकार वह शुभ घड़ी आ गई है। सोमवार को इन 568 परिवारों का गृह-प्रवेश सुनिश्चित हो जाएगा। मुख्यमंत्री के हाथों चाबी मिलने की खबर से लाभार्थियों में भारी उत्साह है। कार्यक्रम को देखते हुए कॉलोनी की रंगाई-पुताई, सड़कों की मरम्मत और अधूरे पड़े पार्कों को चमकाने का काम देर रात तक चलता रहा।
नगर निगम के 54.12 करोड़ के स्मार्ट प्रोजेक्ट्स बदलेंगे शहर की सूरत
फिरोजाबाद की मेयर कामिनी राठौर ने बताया कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों फिरोजाबाद नगर निगम के कुल 54.12 करोड़ रुपये के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का भी लोकार्पण और शिलान्यास संपन्न कराया जाएगा। ये सभी परियोजनाएं शहर को स्मार्ट और आधुनिक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।
इन प्रोजेक्ट्स के तहत शहर को निम्नलिखित अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी:
स्मार्ट जोनल कार्यालय और अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना।
बुजुर्गों के लिए सीनियर सिटीजन केयर सेंटर और ब्रज थीम पार्क का निर्माण।
वेस्ट टू वंडर पार्क और शहर की मलिन बस्तियों में बुनियादी विकास कार्य।
पर्यावरण अनुकूल गैस संचालित शवदाह गृह और एबीसी सेंटर।
शहर के 18 प्रमुख पार्कों में ओपन जिम की सुविधा और परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेज की शुरुआत।
इस भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ टूंडला और शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्रों के अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत करने के साथ-साथ एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का खाका पेश किया जाएगा।
UP News: ललितपुर में बनेगा यूपी का पहला फार्मा पार्क, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार










