UP News: संतकबीरनगर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने रोजगार, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर तीखे सवाल उठाए।
684 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
बताते चले कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को संतकबीरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने 684 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश लंबे समय तक पिछड़े और बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने प्रदेश की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।
विकास और रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर CM Yogi का तंज
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि देश में स्टार्टअप का नया माहौल तैयार हुआ है और युवाओं को रोजगार के लिए जरूरी कौशल उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
सीएम योगी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी कुछ बातें उन्हें हास्यास्पद लगती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए केवल डिग्री ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजगार के लिए स्किल डेवलपमेंट भी जरूरी है।
Skill Development और शिक्षा संस्थानों को लेकर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं के लिए शिक्षा और कौशल विकास के अवसर बढ़ाए हैं। उन्होंने IIT, मेडिकल कॉलेज, IIIT, IIM, AIIMS और स्किल डेवलपमेंट सेंटर जैसे संस्थानों की संख्या बढ़ने का दावा किया। उनके मुताबिक, इन संस्थानों के विस्तार से युवाओं को बेहतर शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
इंसेफ्लाइटिस पर भी CM Yogi ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री योगी ने पूर्वांचल के स्वास्थ्य संकट का जिक्र करते हुए इंसेफ्लाइटिस का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि संतकबीरनगर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा और बलरामपुर जैसे इलाकों में कभी इंसेफ्लाइटिस को लेकर लोगों के बीच काफी डर रहता था। उन्होंने कहा कि इस बीमारी के कारण माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारें लंबे समय तक इस समस्या का प्रभावी समाधान नहीं कर सकीं।
सीएम योगी ने दावा किया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने इंसेफ्लाइटिस के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर इस समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण हासिल किया है। उन्होंने इसे सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल किया।
कानून व्यवस्था पर CM Yogi बोले- अब त्योहारों में नहीं रहता डर
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों के दौरान प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्क रहना पड़ता था और कई स्थानों पर तनाव की स्थिति बनी रहती थी।सीएम योगी ने दावा किया कि अब प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर हुई है और लोग बिना भय के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन कर पा रहे हैं।
दुर्गा पूजा और रामनवमी को लेकर CM Yogi का बड़ा दावा
मुख्यमंत्री ने दुर्गा पूजा पंडाल, रामनवमी शोभायात्रा और मूर्ति विसर्जन जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों के दौरान लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। युवाओं के भविष्य को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार करने वालों की संपत्ति जब्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
गरीबों के लिए सरकारी योजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, किसान सम्मान निधि और विभिन्न पेंशन योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संतकबीरनगर में बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि सरकार का फोकस केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं को जमीन पर उतारकर प्रदेश के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है।










