UP News: CM Yogi का बड़ा ऐलान; कसारी-मसारी बनेगा श्रीकृष्णपुरी, अतीक की जमीन पर बसेंगे परिवार

प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर पद्मलोक आवास योजना का भूमि पूजन किया। 191 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पहले चरण में 602 आवास बनेंगे। दूसरे चरण में 598 घर बनाकर कुल 1200 परिवारों को बसाने की योजना है। साथ ही कसारी-मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अक्टूबर 15, 2026

Advertisements
728x90-Kanya-Sumangla-Mission-Shakti-Digital

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज में माफिया और समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए चेतावनी दी कि अब कोई माफियागिरी करने का दुस्साहस करेगा तो मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर ले। उन्होंने कहा कि सपा आती है तो माफिया और बदमाश लेकर आती है, जबकि भाजपा विकास और बदलाव लेकर आती है। मुख्यमंत्री योगी ने कसारी-मसारी में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई भूमि पर पद्मलोक आवास योजना के तहत 602 आवासों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कसारी-मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने और महाराजा बिजली पासी के नाम पर राजकीय आईटीआई बनाने की घोषणा की।

प्रयागराज में 191 करोड़ की आवास योजना का भूमि पूजन

प्रयागराज में 191 करोड़ की आवास योजना का भूमि पूजन

मुख्यमंत्री योगी ने 9,811 वर्ग मीटर भूमि पर 191 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले आवासों का मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से भूमि पूजन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पीपलगांव में निर्मित 556 आवासों की चाबियां भी लाभार्थियों को वितरित कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रयागराज विरासत और विकास की नई पहचान बना रहा है।

अतीक-अशरफ के दौर को याद कर पिछली सरकारों पर बरसे योगी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कभी प्रयागराज में माफिया अतीक और अशरफ जिस जमीन पर पैर रख देते थे, वह उनकी हो जाती थी। तत्कालीन सरकारें उनके सामने घुटने टेककर मौन रहती थीं। माफिया सड़कों पर असलहे लहराते थे और बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी। इसी धरती पर विधायक राजू पाल की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई। उन्होंने कहा कि असुरक्षित वातावरण में न विकास हो सकता है, न निवेश आ सकता है और न युवाओं को रोजगार मिल सकता है।

अतीक की कब्जाई जमीन पर बनेंगे 1200 परिवारों के आशियाने

अतीक की कब्जाई जमीन पर बनेंगे 1200 परिवारों के आशियाने

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कसारी-मसारी की करीब 15 बीघा जमीन पर अतीक अहमद और उसके गुंडों ने कब्जा कर अस्तबल और अय्याशी का केंद्र बना रखा था। सरकार ने उसके अवैध साम्राज्य को ध्वस्त कर जमीन मुक्त कराई। अब यहां पहले चरण में 602 और दूसरे चरण में 598 आवास बनाए जाएंगे। कुल 1200 परिवारों के करीब छह से साढ़े छह हजार लोगों के लिए आधुनिक टाउनशिप विकसित होगी। इसमें बाजार, पार्क, खेलकूद, जिम और अन्य आवश्यक सुविधाएं होंगी। प्रयागराज विकास प्राधिकरण इसकी व्यवस्था करेगा। इससे पहले लूकरगंज में भी माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर 86 गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं।

CM योगी की दोटूक- संपत्ति पर कब्जा किया तो जब्त होगी पुश्तैनी कमाई

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब कोई किसी की संपत्ति पर कब्जा नहीं कर सकता। यदि किसी ने ऐसा किया तो उसकी बाप-दादों की कमाई भी जब्त कर ली जाएगी। उस संपत्ति पर भी गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके में पुलिस की गाड़ी तक नहीं आ पाती थी। आज यहां सात से 14 मीटर तक चौड़ी सड़कें हैं और आवागमन सुगम हुआ है।

सपा सरकार पर निशाना

सपा सरकार पर निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लोगों के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। पहले यूपी का नाम सुनकर लोग सौ कदम दूर भागते थे। आज उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर गले लगाने आते हैं। प्रयागराज, काशी और अयोध्या की पहचान सम्मान का विषय बन गई है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सुशासन के कारण उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन के रूप में आगे बढ़ रहा है।

कसारी-मसारी का बदलेगा नाम और स्वरूप

मुख्यमंत्री योगी ने विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह के आग्रह पर कसारी-मसारी को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यहां बनने वाले गरीबों के आवास और आधुनिक टाउनशिप सहित पूरे क्षेत्र को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे पूरे क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।

महाराजा बिजली पासी के नाम पर बनेगा सरकारी ITI

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महाराजा बिजली पासी 12वीं सदी के प्रतापी राजा थे। उन्होंने लखनऊ और आसपास 12 किलों का निर्माण कराया था। वह विदेशी आक्रांताओं के काल में सनातन धर्म के प्रबल रक्षक थे। उनके नाम पर राजकीय आईटीआई का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इससे पहले तेलियरगंज में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाशय मसुरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने बताया कि मसुरियादीन पासी स्वतंत्र भारत में विधायक और चार बार सांसद रहे। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

यूपी में 65 लाख गरीब परिवारों को मिले पक्के मकान: CM योगी

यूपी में 65 लाख गरीब परिवारों को मिले पक्के मकान: CM योगी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में 65 लाख गरीबों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। डबल इंजन सरकार बिना भेदभाव गरीबों, दलितों और वंचितों को आवास, राशन कार्ड, बिजली, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और आयुष्मान भारत के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से सरकारी नौकरी के अवसर उनके नजदीक आए हैं।

गंगा एक्सप्रेसवे से प्रयागराज-दिल्ली का सफर होगा आसान

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रयागराज में गंगा नदी पर बड़े पुल का निर्माण कराया जा रहा है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। महाकुंभ के दौरान सड़कों का चौड़ीकरण हुआ। गंगा एक्सप्रेसवे से प्रयागराज और दिल्ली के बीच सफर का समय कम होकर करीब सात घंटे होगा। उन्होंने जनता से जनप्रतिनिधियों पर आशीर्वाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विकास और सुरक्षा की चिंता सरकार करेगी।

माफिया के खात्मे से बदली यूपी की तस्वीर

औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। प्रदेश को लेकर देश और दुनिया की धारणा में बड़ा बदलाव आया है। मुख्यमंत्री योगी ने सत्ता संभालते ही गुंडों और माफिया के समूल नाश का बीड़ा उठाया था, जिसका परिणाम आज सामने है। पद्मलोक आवास योजना गरीबों की प्रगति के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

स्वतंत्र देव सिंह का बयान

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में बेटियां निर्भय होकर आवागमन कर रही हैं। गरीब परिवारों के बच्चे पुलिस में दरोगा और सिपाही बन रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं लखपति दीदी बनकर आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में न जातिवाद, न क्षेत्रवाद, न व्यक्तिवाद, न परिवारवाद और न वंशवाद, केवल योगीवाद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा फिर आई तो माफिया जमीनों पर दोबारा कब्जा कर लेंगे।

सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया सुशासन का अंतर

सिद्धार्थ नाथ सिंह ने बताया सुशासन का अंतर

विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री इसी परिसर में आकर माफिया के लोगों से हाथ मिलाते थे। आज भगवाधारी मुख्यमंत्री योगी उसी जमीन पर गरीब परिवारों के आवासों का भूमि पूजन कर रहे हैं। यही सुशासन और विकास का अंतर है। उन्होंने कहा कि कभी इस क्षेत्र में महिलाओं और बेटियों का निकलना मुश्किल था। आज यहां गरीबों के घर बन रहे हैं।

CM योगी ने 10 लाभार्थियों को सौंपीं घर की चाबियां

मुख्यमंत्री योगी ने पीपलगांव के 556 आवासों के लाभार्थियों में से ममता, सिंधु श्रीवास्तव, कंचन सोनी, बसंती देवी, निरुपम चक्रवर्ती, शंकर लाल कुशवाहा, प्रियंका सोनकर, ललिता पांडेय, रंजीता सोनकर और हरिशंकर मिश्रा को स्वयं चाबियां सौंपीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया।

भूमि पूजन कार्यक्रम में जुटे कई दिग्गज नेता

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, हर्षवर्धन बाजपेयी, गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल, महापौर गणेश केसरवानी, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी और पूर्व सांसद विनोद सोनकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।