UP News: जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचेंगे CM योगी, ब्रज को देंगे 977 करोड़ की सौगात

जन्माष्टमी के मौके पर CM योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय मथुरा दौरे पर पहुंचेंगे। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ मुख्यमंत्री ब्रज क्षेत्र को करीब 977 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। 57 परियोजनाओं का लोकार्पण और 167 नई योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 3, 2026

UP News: जन्माष्टमी के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय मथुरा दौरे पर पहुंच रहे हैं। गुरुवार को मुख्यमंत्री का मथुरा-वृंदावन आगमन होगा। इस दौरान वह धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लेने के साथ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। सीएम योगी के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे, वहीं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली पर पूजा-अर्चना भी करेंगे।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा में दर्शन-पूजन

बताते चले कि, सीएम योगी शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगे। यहां वह भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना करेंगे और जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित भी कर सकते हैं। जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है और मथुरा में इसका विशेष धार्मिक महत्व है। ऐसे में मुख्यमंत्री का श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचना इस दौरे का प्रमुख कार्यक्रम माना जा रहा है। वृंदावन में भी सीएम योगी बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद लेंगे।

ब्रज क्षेत्र को 977 करोड़ की परियोजनाओं का तोहफा

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रज क्षेत्र के विकास को लेकर बड़ी सौगात भी देने वाले हैं। सीएम योगी अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान करीब 977 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें लगभग 540 करोड़ रुपये की 57 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इसके अलावा करीब 437 करोड़ रुपये की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के हाथों किया जाएगा। इन योजनाओं से ब्रज क्षेत्र में पर्यटन, धार्मिक स्थलों और बुनियादी सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

सीएम योगी मथुरा दौरे में श्री स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम का लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस दौरे के दौरान गीता शोध संस्थान में तैयार किए गए श्री स्वामी हरिदास सभाकक्ष यानी ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे। करीब 42 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सभाकक्ष को ब्रज की सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक इस परियोजना की शुरुआत मथुरा की सांसद हेमा मालिनी की पहल से हुई थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री पीएम आवास और सीएम आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां भी सौंपेंगे।

विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे योगी

सीएम योगी मथुरा दौरे के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। इस बैठक में ब्रज क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री अधिकारियों से योजनाओं की स्थिति, गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर जानकारी लेंगे। इसके साथ ही वह संतों से भी मुलाकात करेंगे और ब्रज के धार्मिक एवं पर्यटन विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग का निरीक्षण और अन्नप्राशन संस्कार

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कान्हा भक्ति स्तंभ मार्ग का दौरा और निरीक्षण भी शामिल है। इसके अलावा बताया जा रहा है कि सीएम योगी बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराएंगे। जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा-वृंदावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मुख्यमंत्री पहले ही अधिकारियों को व्यवस्थाओं को लेकर दिशा-निर्देश दे चुके हैं।

सीएम योगी के मथुरा दौरे से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा जोर

सीएम योगी का यह मथुरा दौरा धार्मिक आस्था और विकास, दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मभूमि और बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करेंगे, तो दूसरी तरफ ब्रज क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा-वृंदावन में होने वाले भव्य आयोजनों के बीच मुख्यमंत्री का दौरा ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।