UP News: CM योगी का नया अंदाज, मथुरा जाने से पहले इंस्टा पर डाली दूसरी रील; जन्माष्टमी पर ब्रज को देंगे 1051 करोड़ की सौगात

CM योगी आदित्यनाथ ने मथुरा दौरे से पहले लगातार दूसरी Instagram Reel पोस्ट की। ‘राधे-राधे’ संदेश वाली इस Reel को युवाओं और Gen Z से जुड़ने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। जन्माष्टमी पर CM योगी ब्रज को 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर पूजा-अर्चना करेंगे।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 3, 2026

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महज तीन घंटे के भीतर इंस्टाग्राम पर लगातार दूसरी रील पोस्ट कर एक बार फिर अपने नए अंदाज से लोगों का ध्यान खींचा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मथुरा दौरे से पहले पोस्ट की गई रील में मुख्यमंत्री ने लिखा, “राधे-राधे, मैं ब्रज की पावन धरा पर पहुंच रहा हूं। जन्माष्टमी की शुभकामनाएं।” सीएम का यह सोशल मीडिया अंदाज अब राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।

युवाओं और Gen Z तक पहुंच बनाने की कोशिश?

बताते चले कि, इससे पहले मुख्यमंत्री ने फर्रुखाबाद जाते समय भी सोशल मीडिया पर वीडियो रील पोस्ट की थी। उस दौरान वह बाढ़ की स्थिति की समीक्षा करने के लिए जिले के दौरे पर जा रहे थे। लगातार रील और वीडियो के जरिए जनता से जुड़ने के इस अंदाज को युवाओं और खासकर Gen Z तक पहुंच बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। बीजेपी की राजनीति में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच सीएम योगी का यह डिजिटल अंदाज खासा ध्यान खींच रहा है।

ब्रज को मिलेगी 1051 करोड़ की विकास सौगात

आपको बता दे कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर ब्रजवासियों को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मथुरा दौरे के दौरान करीब 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। इनमें 540 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली 62 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इन योजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे और पर्यटन सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

167 नई योजनाओं का होगा शिलान्यास

मुख्यमंत्री करीब 437 करोड़ रुपये की लागत वाली 167 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को 72 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित की जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, चेक और प्रमाण पत्र भी सौंपे जाएंगे।

श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दो दिवसीय मथुरा प्रवास धर्म और विकास के संगम के तौर पर देखा जा रहा है। तय कार्यक्रम के मुताबिक 3 सितंबर को मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर वृंदावन के पवनहंस हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद वह गीता शोध संस्थान पहुंचेंगे और नवनिर्मित अत्याधुनिक श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण करेंगे। प्रेक्षागृह में करीब एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है।

संतों से मुलाकात और लाभार्थियों से संवाद

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी प्रो-पुअर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेने, संतों से मुलाकात करने और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराने का भी कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक वितरित करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में ब्रज क्षेत्र में चल रही विकास और पर्यटन परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा होगी।

वृंदावन में विकास कार्यों का जायजा

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री वृंदावन के होटल विवांता में आयोजित ‘पंचायत आज तक’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसके बाद वह वृंदावन में विकसित किए गए ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण और अवलोकन करेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मथुरा स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां अशोका अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।

जन्माष्टमी पर कान्हा के दरबार में CM योगी

मथुरा दौरे के दूसरे दिन यानी शुक्रवार 4 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री कृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले गो पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्य मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री का यह धार्मिक कार्यक्रम उनके दो दिवसीय मथुरा प्रवास का प्रमुख आकर्षण होगा।

इस तरह CM योगी का मथुरा दौरा धार्मिक आस्था, विकास परियोजनाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी—तीनों को एक साथ जोड़ता नजर आ रहा है। अब नजर इस बात पर है कि जन्माष्टमी के मौके पर ब्रज को मिलने वाली विकास परियोजनाओं का असर आने वाले समय में मथुरा-वृंदावन की तस्वीर पर कितना दिखाई देता है।