UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को कानून व्यवस्था और जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज में वैमनस्यता फैलाने की कोशिश करने वाले लोग छोटी घटनाओं को बड़ा रूप देने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में जिलों में होने वाली छोटी से छोटी घटना पर भी प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सक्रिय होना चाहिए।
छोटी घटना पर DM-SP की तत्काल कार्रवाई के निर्देश

सीएम योगी ने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक खुद घटनाओं पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचें। पीड़ितों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाए और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि छोटी घटनाओं को लेकर किसी भी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समय रहते कार्रवाई होने से विवाद को बढ़ने से रोका जा सकता है।
जनता दर्शन में CM योगी ने सुनी जनशिकायतें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में अलग-अलग जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कुर्सियों पर बैठे प्रत्येक फरियादी के पास जाकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्रों के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन, पुलिस, राजस्व और विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखी गईं।
जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने पर जोर
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि सरकार लंबे समय से बिना भेदभाव पात्र लोगों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील रवैया अपनाने और जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था कराने और भूमाफिया व दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
पुलिस शिकायतों पर सीएम योगी ने जताई नाराजगी

जनता दर्शन में पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों की संख्या अधिक रही। इन मामलों को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी नियमित रूप से जिलों में जनसमस्याओं की सुनवाई करें और शिकायतों के समाधान की निगरानी भी करें।
कानून व्यवस्था और राजस्व मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी मातहत अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही की शिकायत सामने आती है तो उसकी भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने राजस्व विवादों और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेकर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
जनता दर्शन में बच्चे से सीएम योगी की प्यारी बातचीत
जनता दर्शन के दौरान एक नन्हा बच्चा अपनी मां के साथ मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा। सीएम योगी ने बच्चे से उसका हालचाल पूछा और यह भी जाना कि वह कहां पढ़ता है। मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट देने के लिए हाथ बढ़ाया तो बच्चे ने तुरंत चॉकलेट ले ली। इसके बाद जब मुख्यमंत्री ने चॉकलेट वापस मांगी तो बच्चे ने देने से इनकार कर दिया। बच्चे की मासूमियत देखकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े। मुख्यमंत्री ने बच्चे को सुखद भविष्य का आशीर्वाद दिया और मन लगाकर पढ़ाई करने की बात कही।
सीएम योगी मेरठ रवाना, NH-58 पर ट्रैफिक डायवर्जन
लखनऊ में जनता दर्शन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ के लिए रवाना हो गए। मेरठ में वह भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ कई बैठकों और सम्मेलनों में हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री के वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए एनएच-58 पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
मेरठ ट्रैफिक व्यवस्था के लिए वैकल्पिक मार्गों की अपील

एसपी यातायात राजेश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार दिल्ली और गाजियाबाद की ओर से मेरठ आने वाले वाहन चालकों को एनएच-58 से बचते हुए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। मोदीपुरम फ्लाईओवर, कंकरखेड़ा फ्लाईओवर, रोहटा रोड फ्लाईओवर और बागपत रोड फ्लाईओवर समेत प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
VVIP मूवमेंट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान यदि जरूरी न हो तो संबंधित मार्गों पर यात्रा करने से बचें। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।










