UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस के सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों की एक नई नींव रखी। इस दौरान उन्होंने 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए स्थानीय संस्कृति, काका हाथरसी और हींग के व्यापार की सराहना की। सीएम ने जोर देकर कहा कि प्रदेश में विकास तभी संभव है जब वहां सुरक्षा का बेहतर माहौल हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपद्रव और अराजकता की कोख से कभी भी उज्जवल भविष्य की कल्पना नहीं की जा सकती।
दंगा मुक्त प्रदेश का दावा और मुहर्रम पर शांतिपूर्ण आयोजन
बताते चले कि, पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों का केंद्र हुआ करता था, जिससे व्यापार और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित थे। उन्होंने मथुरा, अलीगढ़ और मुजफ्फरनगर के दंगों का जिक्र करते हुए दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में राज्य पूरी तरह दंगा मुक्त रहा है। सीएम ने मुहर्रम के हालिया आयोजनों का उदाहरण देते हुए कहा कि इस बार बिना किसी उपद्रव, बिना हाईटेंशन तार हटाए और बिना छज्जा तोड़े 12 हजार जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि पहले के समय में जो अराजकता का माहौल था, अब वह पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
कृषि विकास और औद्योगिक प्रगति पर मुख्यमंत्री का विशेष फोकस
हाथरस के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र अब औद्योगिक उन्नति की राह पर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने आलू किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रोसेसिंग सेंटर और कोल्ड स्टोरेज की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, अंतरराष्ट्रीय पोटेटो सेंटर और वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय सैन्य संस्थान के गठन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्नत किस्म के बीजों से उत्पादन में गुणात्मक सुधार होगा। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर सिकंदराराऊ में बस स्टैंड और मेडिकल कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान का भी भरोसा दिलाया।
अखिलेश यादव पर तीखा हमला
सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग पहले राम भक्तों पर गोलियां चलवाते थे और कांवड़ यात्रा पर रोक लगाते थे, वे आज धर्मनगरी बनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि अखिलेश यादव को कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का समर्थन करने की हिम्मत दिखानी चाहिए। सीएम ने सपा पर कांग्रेस के ‘संविधान विरोधी’ पापों में भागीदार बनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा की पूर्ववर्ती सरकारों में विकास का अर्थ केवल ‘सैफई’ का विकास था, जबकि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के पूरे उत्तर प्रदेश के 75 जिलों को एक समान विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कृतसंकल्पित है।










