UP News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन शनिवार की सुबह गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर परिसर में उस वक्त बच्चों के चेहरे खिल उठे, जब अचानक उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हो गई। सुबह मंदिर परिसर का भ्रमण करने निकले सीएम योगी और बच्चे आमने-सामने आए तो मुख्यमंत्री ने बच्चों को देखते ही रुककर उनसे बातचीत शुरू कर दी। कुछ ही देर में बच्चे भी मुख्यमंत्री के आसपास जमा हो गए और माहौल हंसी-खुशी से भर गया।
गोरखनाथ मंदिर में बच्चों से मिले सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से उनका हालचाल पूछा और उनके साथ कुछ देर तक बातचीत और हंसी-मजाक किया। इसके बाद उन्होंने चॉकलेट मंगवाई और एक-एक करके बच्चों को चॉकलेट बांटना शुरू कर दिया। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री खुद पूछ-पूछकर यह सुनिश्चित करते रहे कि कोई बच्चा चॉकलेट लेने से छूट न जाए।
बच्चों के साथ सीएम योगी की यह सहज मुलाकात वहां मौजूद लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गई। मुख्यमंत्री के आसपास खड़े बच्चे भी उनसे बेझिझक बातें करते और चॉकलेट लेते नजर आए।
सीएम योगी ने बच्चों को दिए चॉकलेट और खिलौने
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केवल बड़े बच्चों को ही चॉकलेट नहीं दी, बल्कि बहुत छोटे बच्चों का भी खास ख्याल रखा। उन्होंने छोटे बच्चों को खिलौने भी दिए। इसी दौरान एक मासूम बच्चे के साथ मुख्यमंत्री का बेहद प्यारा अंदाज देखने को मिला।सीएम योगी ने बच्चे को झुनझुना बजाकर दिखाया। झुनझुने की आवाज सुनते ही बच्चा खिलखिलाकर हंसने लगा। मुख्यमंत्री ने जब झुनझुना बच्चे के थोड़ा करीब किया तो मासूम ने तुरंत उनके हाथ से झुनझुना ले लिया। सीएम योगी और मासूम बच्चों के इस पल ने पूरे माहौल को बेहद खुशनुमा बना दिया।
बच्चों के बीच लोकप्रिय है सीएम योगी का यह अंदाज
बच्चों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आत्मीयता कोई नई बात नहीं है। मुख्यमंत्री बनने से पहले से ही उनके साथ चॉकलेट और टॉफियों का डिब्बा रहने की बात सामने आती रही है। वह जहां भी बच्चों से मिलते हैं, उनसे बातचीत करते हैं, हंसी-ठिठोली करते हैं और फिर उन्हें चॉकलेट या टॉफियां देते नजर आते हैं।इसी वजह से सीएम योगी बच्चों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। गोरखपुर में भी जब मुख्यमंत्री अपनी दिनचर्या के मुताबिक गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करते हैं, तो अक्सर लोगों और बच्चों से उनकी मुलाकात हो जाती है।
जन्माष्टमी के बाद मंदिर परिसर में दिखा खास नजारा
दरअसल, इससे एक रात पहले गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया था। शुक्रवार की आधी रात श्रीकृष्ण के प्राकट्य के समय मंदिर परिसर मंगल ध्वनियों से गूंज उठा। ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैयालाल की’ और ‘श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ जैसे भजनों के बीच जन्मोत्सव का अनुष्ठान संपन्न हुआ।
गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को गोद में लेकर गर्भगृह से बाहर लाया। इसके बाद फूलों से सजे पालने में बाल गोपाल को विराजमान कर उन्होंने श्रद्धाभाव से पालना झुलाया और आरती उतारी।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद बच्चों के चेहरे पर दिखी खुशी
प्राकट्य अनुष्ठान पूरा होने के बाद मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं के बीच फलाहार और प्रसाद का वितरण किया गया। अगले दिन सुबह मंदिर परिसर में बच्चों से मुख्यमंत्री की मुलाकात ने जन्माष्टमी की खुशियों को और खास बना दिया। सीएम योगी और बच्चों की यह मुलाकात सादगी, अपनापन और सहज संवाद की ऐसी तस्वीर बन गई, जिसने हर किसी का ध्यान खींचा।










