UP News: “माफिया को मिट्टी में मिलाया और सपा फातिहा पढ़ रही है…” गाजीपुर में सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर दौरे के दौरान 692 करोड़ रुपये की 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार ने यूपी से माफिया को मिट्टी में मिला दिया है, जबकि सपा उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ती है। उन्होंने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 30, 2026

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर गाजीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों को बड़ी सौगात देते हुए कुल 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने विशाल जनसभा को संबोधित किया और सरकार की विकासोन्मुख नीतियों पर खुलकर चर्चा की।

समाजवादी पार्टी पर सीएम योगी का तीखा हमला

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि मैंने उत्तर प्रदेश से माफियाराज को पूरी तरह खत्म कर उन्हें मिट्टी में मिला दिया है, जबकि समाजवादी पार्टी उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ती है। उन्होंने गाजीपुर की राष्ट्र रक्षा की समृद्ध परंपरा को याद करते हुए विपक्ष पर जमकर भड़ास निकाली।

सपा और कांग्रेस ने खड़ा किया पहचान का संकट

सीएम योगी ने आगे कहा कि पिछले कुछ समय में प्रदेश और गाजीपुर जनपद के सामने पहचान का गंभीर संकट खड़ा कर दिया गया था। सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों ने मिलकर देश के भविष्य को डुबोने का काम किया है। इसके विपरीत, केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार एक तरफ जहां अपने महान राष्ट्र नायकों को पूरा सम्मान दे रही है, वहीं दूसरी ओर रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य भी करा रही है।

गरीब, किसान और महिला विरोधी है सपा

मुख्यमंत्री ने सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह पार्टी गरीब, किसान, युवा और महिला विरोधी है। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले कहा जाता था कि सपा के शासनकाल को देखकर बेटियां घबरा जाती थीं। उस दौर में माफिया समाज का खून चूसते थे और व्यापारी तथा बेटियां उनके लिए बड़ा खतरा थीं। पहले अपराधियों और माफियाओं को सीधे तौर पर सत्ता का संरक्षण मिलता था, लेकिन आज सबका सफाया हो चुका है।

अवैध असलहे बनाने में व्यस्त रहे सांसद

मुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि जिस क्षेत्र का सांसद अवैध असलहा बनाने के कारनामों में व्यस्त रहा हो, वहां विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती है। विकास और तरक्की तो केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार में ही संभव है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार केवल डबल इंजन की सरकार ही दे सकती है, जो पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से काम कर रही है।