UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर के चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांधी इंटर कॉलेज महुआपार के मैदान में पहुंचे। वहां उन्होंने क्षेत्र की जनता को 295 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत वाली 319 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का उपहार दिया। इन विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कानून-व्यवस्था पर हुंकार भरी।
डबल इंजन सरकार की बड़ी उपलब्धियां
बताते चले कि, जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के आने के बाद ही अयोध्या में 500 वर्षों का लंबा इंतजार खत्म हुआ और भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ। उन्होंने बुनियादी ढांचे में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि रामजानकी मार्ग पर कनेक्टिविटी पहले की तुलना में काफी बेहतर हो चुकी है। उन्होंने जनता को आगाह किया कि गलत जनप्रतिका चुनाव करने से विकास रुक जाता है और समाज पर एक नया कलंक लगता है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकारों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले चिल्लूपार, आजमगढ़ और मऊ जैसे क्षेत्रों के नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘चाचा-भतीजा की जोड़ी’ न सिर्फ सूबे का विकास रोकती थी, बल्कि युवाओं के हिस्से की नौकरी भी खा जाती थी। जो लोग बेटियों को सुरक्षा, महापुरुषों को सम्मान और युवाओं को रोजगार नहीं दे सकते, उन्हें सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
पूर्वांचल का ढांचागत बदलाव
सीएम योगी ने बुनियादी ढांचे के विकास पर जोर देते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश और विशेषकर अखंड पूर्वांचल में सड़कों का जाल बिछ चुका है। चिल्लूपार क्षेत्र में गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन और पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे जैसी विशाल ढांचागत परियोजनाएं कनेक्टिविटी को विश्वस्तरीय बना रही हैं। अब राज्य में विकास के पहिये के साथ-साथ नौजवानों को उनकी योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
धुरियापार सीएनजी प्लांट और आत्मनिर्भरता
धुरियापार में बंद पड़ी चीनी मिल की खाली भूमि का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वहां आधुनिक सीएनजी प्लांट स्थापित किया है। इस संयंत्र में किसानों की पराली से सीएनजी बनाने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज जब पूरी दुनिया ईंधन के भीषण संकट से जूझ रही है, तब इस सीएनजी प्लांट की वजह से हमारा स्थानीय कामकाज और परिवहन पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।
वैश्विक स्तर पर भारत की मजबूत स्थिति
मुख्यमंत्री ने वैश्विक अर्थव्यवस्था का उदाहरण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंदी और संकट के इस दौर में जहां अमेरिका जैसे विकसित देशों में महंगाई चार गुना तक बढ़ गई है, वहीं भारत में पीएम मोदी ने महंगाई को पूरी तरह नियंत्रित रखा है। आज का ‘नया भारत’ गरीबों के कल्याण के लिए काम करता है, विकास के साथ सुरक्षा का माहौल देता है और अपराधियों व माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का हौसला रखता है।










