UP Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के AI वीडियो को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव राजनीतिक हताशा में इस तरह के वीडियो जारी कर रहे हैं। पंकज चौधरी ने AI वीडियो को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ-साथ साधु-संत समाज का अपमान बताया।
दुर्वासा धाम से साधा निशाना
बताते चले कि, पंकज चौधरी दुर्वासा धाम पहुंचे थे। यहां उन्होंने मंत्री सहजानंद राय के पिता स्वर्गीय आद्या प्रसाद राय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। इसी दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी से जुड़े AI वीडियो को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
‘हताशा में ऐसे वीडियो जारी कर रहे हैं’
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव हताशा में हैं और इसी वजह से इस तरह के वीडियो सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि AI तकनीक के जरिए तैयार वीडियो जारी कर अखिलेश यादव ने सिर्फ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को निशाना नहीं बनाया, बल्कि पूरे साधु-संत समाज का भी अपमान किया है। पंकज चौधरी ने कहा कि इस तरह की राजनीति का राजनीतिक नुकसान अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को उठाना पड़ेगा। उन्होंने विपक्ष को सलाह दी कि उसे व्यक्तिगत और धार्मिक मुद्दों पर विवाद खड़ा करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।
AI वीडियो को लेकर बढ़ी राजनीतिक बयानबाजी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़े AI वीडियो ने उत्तर प्रदेश की सियासत में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। बीजेपी लगातार इसे लेकर समाजवादी पार्टी पर हमलावर है। पंकज चौधरी ने भी विपक्ष पर सनातन धर्म और साधु-संतों को लेकर विवाद पैदा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को विकास और जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए। उनके मुताबिक, धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों को राजनीतिक विवाद का हिस्सा बनाना उचित नहीं है।
पंकज चौधरी ने आस्था के केंद्रों पर दिया बयान
पंकज चौधरी ने काशी, अयोध्या और मथुरा को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ, अयोध्या और मथुरा देश और प्रदेश के करोड़ों लोगों की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले भी जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा जाते रहे हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के मथुरा दौरे को राजनीतिक चश्मे से देखना सही नहीं है। उनका कहना था कि धार्मिक स्थलों पर मुख्यमंत्री का जाना कोई नई बात नहीं है और मथुरा में जन्माष्टमी के धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होना आस्था से जुड़ा विषय है।
जन्माष्टमी दौरे पर भी सियासत तेज
पंकज चौधरी ने कहा कि मथुरा भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है और जन्माष्टमी के अवसर पर वहां धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन स्वाभाविक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मथुरा दौरा भी इसी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री के मथुरा दौरे को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था के कार्यक्रमों को राजनीतिक विवाद में बदलने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
कांग्रेस और सपा पर भी बरसे पंकज चौधरी
पंकज चौधरी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों पर सनातन धर्म के खिलाफ राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने लंबे समय तक सनातन और धार्मिक आस्था को लेकर विवाद खड़े किए हैं।बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि देश की जनता सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर अपने मत के जरिए इसका जवाब भी देती है।
AI वीडियो से लेकर सनातन तक, सियासी टकराव जारी
मुख्यमंत्री योगी के AI वीडियो को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच बयानबाजी अब तेज होती दिखाई दे रही है। पंकज चौधरी के ताजा हमले के बाद यह मुद्दा एक बार फिर यूपी की राजनीति के केंद्र में आ गया है। अब देखना होगा कि समाजवादी पार्टी की ओर से बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।










