CM Vijay Tamil Nadu: तमिलनाडु सरकार ने राज्य की जनता, दूध उत्पादकों और स्वास्थ्य इलाके से जुड़े लोगों के लिए कई अहम घोषणाएं की हैँ। मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में स्वास्थ्य बीमा, दूध खरीद मूल्य, मेडिकल शिक्षा और अस्पतालों से जुड़े कई फैसलों की जानकारी दी। सरकार के इन ऐलानों से बड़ी संख्या में लोगों को सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।
गया-चतरा रेल परियोजना में तेजी, कई इलाकों में मिट्टी जांच का काम पूरा
स्वास्थ्य बीमा की सीमा में बड़ा इजाफा
तमिलनाडु सरकार ने मुख्यमंत्री व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मिलने वाली वार्षिक इलाज की सीमा को बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। मौजूदा 5 लाख रुपये के कवर को बढ़ाकर 25 लाख रुपये किया जाएगा। इस बदलाव का सबसे ज्यादा फायदा गंभीर बीमारियों और महंगे इलाज की जरूरत वाले मरीजों को मिलने की उम्मीद है। ज्यादा बीमा कवर मिलने से परिवारों पर इलाज के दौरान पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हो सकता है। सरकार ने ट्रांसजेंडर लोगों के लिए अतिरिक्त मेडिकल और सर्जिकल सुविधाओं को भी इस योजना के दायरे में शामिल करने की घोषणा की है। ये सेवाएं चेन्नई, तिरुनेलवेली, तूतीकोरिन और चेंगलपट्टू सहित कई सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराई जाएंगी।
दूध उत्पादकों के लिए भी बड़ी राहत
सरकार ने राज्य के दूध उत्पादकों को राहत देते हुए दूध खरीद की कीमत में बढ़ोतरी की है। दूध का खरीद मूल्य 38 रुपये से बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।इस फैसले से राज्य के करीब 3.16 लाख दूध उत्पादकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही सरकार की ओर से दिए जाने वाले प्रोत्साहन की राशि भी बढ़ाई गई है। अब यह प्रोत्साहन 3 रुपये से बढ़कर 5 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। सरकार के मुताबिक खरीद मूल्य बढ़ाने से उसके ऊपर हर महीने लगभग 30 करोड़ रुपये और सालाना करीब 360 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा का विस्तार
स्वास्थ्य क्षेत्र के साथ-साथ मेडिकल शिक्षा को मजबूत करने के लिए भी सरकार ने बड़ा बजट आवंटित किया है। तमिलनाडु सरकार ने मेडिकल और नर्सिंग शिक्षा के विस्तार के लिए 351 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों और संबंधित संस्थानों में कुल 6,098 अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की योजना है। इनमें B.Sc नर्सिंग की 660 सीटें, नर्सिंग कॉलेजों और स्कूलों में 1,925 सीटें, 12 पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में 2,778 सीटें और मेडिकल पाठ्यक्रमों में 735 सीटें शामिल हैं।इसके अलावा राज्य में 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज भी स्थापित किए जाएंगे।
पेरम्बलूर में 400 बेड का अस्पताल
सरकार ने पेरम्बलूर में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा विकसित करने का भी फैसला किया है। यहां करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से 400 बेड वाला मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा। इस अस्पताल के जरिए लोगों को एक ही जगह पर विभिन्न गंभीर बीमारियों और जटिल स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
विधायकों के लिए सरकारी वाहनों का ऐलान
मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में विधायकों को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों को सरकारी वाहन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार के मुताबिक इसका उद्देश्य विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क, विकास कार्यों की निगरानी और जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर परिवहन सुविधा देना है।
खुहड़ी के सुनहरे धोरों ने बढ़ाया पर्यटकों का आकर्षण, पर्यटन कारोबार को मिलेंगे
सरकार का फोकस किन क्षेत्रों पर?
तमिलनाडु सरकार के इन फैसलों में स्वास्थ्य सुरक्षा बढ़ाने, मेडिकल शिक्षा का विस्तार करने, दूध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और जनप्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दिखाई देता है। खास तौर पर स्वास्थ्य बीमा कवर को 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये करने का प्रस्ताव राज्य के लोगों के लिए सबसे अहम घोषणाओं में से एक माना जा रहा है।










