CM Nayab Saini in Punjab: किताबों से नहीं, आदर्शों से याद रहते हैं महापुरुष- सीएम सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के पठानकोट में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

CM Nayab Saini in Punjab

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

जुलाई 6, 2026

CM Nayab Saini in Punjab: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इतिहास महान व्यक्तित्वों को केवल किताबों के पन्नों में नहीं, बल्कि उन पीढ़ियों के जरिए याद रखता है जो उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारती हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऐसे ही राष्ट्रवादी और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने भारत की एकता, अखंडता और स्वाभिमान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

मुख्यमंत्री रविवार को पंजाब के पठानकोट में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान पठानकोट के विधायक अश्विनी शर्मा, पंजाब विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश बब्बू, पूर्व विधायक सीमा कुमारी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Haryana Weather: हरियाणा में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में भारी बारिश की संभावना

देश की एकता के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान

CM सैनी ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर को भारत की मुख्यधारा से पूरी तरह जोड़ने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका नारा “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” केवल राजनीतिक नारा नहीं था, बल्कि राष्ट्र की आत्मा की आवाज थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि जिस संकल्प के लिए डॉ. मुखर्जी ने अपना जीवन न्योछावर किया, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 5 अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 हटाकर पूरा किया। आज भारतीय तिरंगा कश्मीर से कन्याकुमारी तक शान से लहरा रहा है।

पठानकोट को बताया वीरों और देशभक्तों की धरती

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पठानकोट को भारत माता की उत्तरी सीमा बताते हुए कहा कि यह धरती वीर योद्धाओं, शहीदों और देशभक्तों की धरती है। यहां की मिट्टी में वीरता और हवा में देशभक्ति की भावना बसती है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी जैसे नेताओं की सोच आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन का काम करती रहेगी।

मोदी सरकार की योजनाओं का किया जिक्र

CM सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की पहचान दुनिया में बदली है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में गरीबों को पक्के घर, आयुष्मान भारत के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, डिजिटल इंडिया के जरिए गांव-गांव तक तकनीक और स्किल इंडिया के माध्यम से युवाओं को नए अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, आधुनिक एक्सप्रेसवे, वंदे भारत ट्रेनें और एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर देश की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं।

हरियाणा मॉडल और पंजाब पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन मॉडल को अपनाते हुए बिना पर्ची-खर्ची के करीब दो लाख युवाओं को नौकरियां दी हैं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद हो रही है और किसानों को फसल नुकसान का पूरा मुआवजा दिया जा रहा है।

पंजाब की स्थिति पर चिंता जताते हुए CM सैनी ने कहा कि पंजाब का हर वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं, किसानों और महिलाओं से किए गए वादे पूरे नहीं हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब का भविष्य दिल्ली की राजनीति नहीं, बल्कि पंजाब की जनता तय करेगी। भाजपा पंजाब के लोगों से सत्ता नहीं, सेवा का अवसर मांग रही है, ताकि राज्य फिर से “रंगला पंजाब” बन सके।

PM Modi In Haryana: हरियाणा दौरे पर पीएम मोदी, 17 जुलाई को देश को देंगे पहली हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात