Chandauli News: बिहार से दिल्ली जा रहा था करोड़ों का सोना, चंदौली में पुलिस ने दबोचा

चंदौली में पुलिस और SWAT/SOG टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए KIA Carens से 2 किलो 565 ग्राम सोना बरामद किया है। बरामद सोने की कीमत करीब 3.92 करोड़ रुपये बताई जा रही है। सोना कार के गियर बॉक्स के नीचे बने गुप्त बॉक्स में छिपाया गया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Chandauli News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 9, 2026

Chandauli News: चंदौली में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये कीमत का सोना बरामद किया है। सदर कोतवाली पुलिस और SWAT/SOG टीम की संयुक्त कार्रवाई में हाईवे पर चेकिंग के दौरान KIA Carens कार से सोने की दो सिल्लियां बरामद हुईं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

चंदौली में 3.92 करोड़ का सोना बरामद

Chandauli News
चंदौली में मिला करोड़ों का सोना

बताते चले कि, चंदौली में पुलिस और SWAT/SOG टीम को चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी। सदर कोतवाली पुलिस की टीम नवही पुलिया हाईवे पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिहार की तरफ से आ रही एक KIA Carens कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में सब कुछ सामान्य नजर आया, लेकिन पुलिस को कार के अंदर बने एक गुप्त बॉक्स की जानकारी मिली। इसके बाद जब उस हिस्से की गहन तलाशी ली गई तो पुलिस के हाथ करोड़ों रुपये का सोना लग गया।

कार के गियर बॉक्स के नीचे बना था गुप्त बॉक्स

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सोने को सामान्य तरीके से कार में नहीं रखा था। इसे छिपाने के लिए कार के गियर बॉक्स के नीचे एक गुप्त बॉक्स बनाया गया था। इसी गुप्त बॉक्स के भीतर कपड़े की बेल्ट में सोने की सिल्लियों को रखा गया था। सोने को सेलो टेप से लपेटकर इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य तलाशी में आसानी से इसका पता न चल सके। पुलिस ने गुप्त बॉक्स खोलकर उसमें से सोने की दो सिल्लियां बरामद की।

2 किलो 565 ग्राम सोना बरामद

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, तलाशी के दौरान बरामद की गई दोनों सोने की सिल्लियों का कुल वजन 2 किलो 565 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में सोना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य संबंधित विभागों को भी इसकी सूचना दी गई।

बिहार से दिल्ली जा रहे थे आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी कथित तौर पर बिहार से सोना लेकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। पुलिस ने जब उनसे बरामद सोने से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई संतोषजनक कागजात पेश नहीं कर सके। दस्तावेज नहीं मिलने के बाद पुलिस ने सोने के स्रोत और इसे दिल्ली ले जाने के उद्देश्य को लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोना कहां से आया था और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

विदेश में निर्मित बताया जा रहा सोना

प्रारंभिक जांच में पुलिस को बरामद सोना विदेश में निर्मित होने की जानकारी मिली है। हालांकि, सोने की वास्तविक उत्पत्ति, इसकी खरीद-बिक्री और संभावित तस्करी नेटवर्क को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है। करोड़ों रुपये के इस सोने की बरामदगी के बाद मामले में राजस्व आसूचना विभाग को भी शामिल किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों और सोने से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

चंदौली गोल्ड बरामदगी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र के सांगली निवासी जुबेर मुबारक शेख और हरियाणा के फतेहाबाद निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्हें सोना किसने दिया था और इसे दिल्ली में किसे सौंपना था। जांच एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, संपर्कों और यात्रा से जुड़े विवरणों की भी पड़ताल कर सकती हैं, ताकि पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

राजस्व आसूचना विभाग को सौंपा गया 3.92 करोड़ का सोना

पुलिस ने बरामद सोने को आगे की कार्रवाई के लिए राजस्व आसूचना विभाग को सौंप दिया है। वहीं, आयकर विभाग वाराणसी की टीम भी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अब जांच का फोकस सोने के स्रोत, उसके स्वामित्व, संभावित तस्करी और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क पर है। फिलहाल पुलिस और संबंधित जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की अगली कड़ियां तलाश रही हैं।