BSNL VoWiFi: सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने नए साल 2026 के अवसर पर अपने करोड़ों ग्राहकों को एक उपहार दिया है। कंपनी ने 1 जनवरी से देशभर में अपनी वॉयस ओवर वाई-फाई (VoWiFi) सेवा को लाइव कर दिया है।
देशभर के सभी सर्किलों में सेवा हुई शुरू
बताते चले कि, BSNL ने अपनी इस अत्याधुनिक तकनीक को भारत के सभी टेलीकॉम सर्किलों में एक साथ लागू किया है। अब चाहे आप दिल्ली जैसे महानगर में हों या देश के किसी सुदूर गांव में, BSNL के ग्राहक वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग करके निर्बाध कॉलिंग का आनंद ले सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य डिजिटल इंडिया के विजन को सशक्त बनाना और उन क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी पहुँचाना है जहाँ मोबाइल टावर के सिग्नल कमज़ोर रहते हैं।
कमजोर नेटवर्क और कॉल ड्रॉप की समस्या से मिलेगी मुक्ति
अक्सर घरों के अंदर, बेसमेंट, लिफ्ट या कंक्रीट की मोटी दीवारों वाले दफ्तरों में मोबाइल नेटवर्क गायब हो जाता है। ऐसी स्थिति में इंडोर कवरेज सॉल्यूशन के तौर पर VoWiFi एक वरदान साबित होगी। इससे न केवल कॉल ड्रॉप की समस्या खत्म होगी, बल्कि वॉयस क्वालिटी भी हाई-डेफिनिशन (HD) मिलेगी। ग्रामीण इलाकों के लिए यह सेवा विशेष रूप से राहत लेकर आई है।
क्या है वाई-फाई कॉलिंग तकनीक ?
आपको बता दे कि, Voice over WiFi (VoWiFi) कार्यप्रणाली बहुत सरल है। यह तकनीक मोबाइल टावर के बजाय आपके घर या ऑफिस के वाई-फाई इंटरनेट का उपयोग करके कॉल को कनेक्ट करती है। इसमें कॉल डेटा पैकेट्स के रूप में इंटरनेट के जरिए ट्रैवल करती है। सबसे बड़ी राहत यह है कि इसके लिए आपको किसी थर्ड-पार्टी ऐप (जैसे व्हाट्सएप या टेलीग्राम) की आवश्यकता नहीं है; आप अपने फोन के सामान्य डायलर से ही कॉल कर सकते हैं।
नंबर वही, अनुभव नया
VoWiFi की एक बड़ी खासियत इसकी स्मार्ट स्विचिंग है। यदि आप कॉल पर बात करते हुए वाई-फाई ज़ोन से बाहर निकलते हैं, तो आपकी कॉल बिना कटे अपने आप मोबाइल नेटवर्क पर शिफ्ट हो जाएगी। साथ ही, कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति को आपका वही पुराना मोबाइल नंबर दिखाई देगा, जिससे प्राइवेसी और पहचान बनी रहती है।
स्मार्टफोन में VoWiFi सेटिंग्स को एक्टिवेट करने का तरीका
BSNL की इस सेवा का लाभ उठाने के लिए आपको अपने फोन में कुछ आसान बदलाव करने होंगे:
- सबसे पहले अपने फोन को एक स्थिर वाई-फाई कनेक्शन से जोड़ें।
- फोन की ‘Settings’ में जाकर ‘Mobile Network’ या ‘Connection’ विकल्प पर क्लिक करें।
- यहाँ आपको ‘Wi-Fi Calling’ या ‘VoWiFi’ का विकल्प दिखेगा, उसे ऑन (Enable) कर दें।
- अब आपके स्टेटस बार पर वाई-फाई कॉलिंग का आइकन दिखने लगेगा और आप कॉल कर सकेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को मिलेगा नया विस्तार
दूर-दराज के क्षेत्रों में जहाँ मोबाइल टावर लगाना भौगोलिक रूप से कठिन है, वहाँ ब्रॉडबैंड आधारित कॉलिंग गेम-चेंजर साबित होगी। सरकार का मानना है कि इस कदम से डिजिटल डिवाइड कम होगा और ग्रामीण भारत के लोग भी बिना किसी बाधा के देश-दुनिया से जुड़े रह सकेंगे। इससे मुख्य नेटवर्क पर लोड भी कम होगा।
बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उठाएं मुफ्त कॉलिंग का लाभ
BSNL ने स्पष्ट किया है कि VoWiFi सर्विस के लिए कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लिया जाएगा। यह सुविधा आपके मौजूदा एक्टिव रिचार्ज प्लान का ही हिस्सा होगी। निजी टेलीकॉम कंपनियों को कड़ी टक्कर देने के लिए BSNL का यह मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है, जिससे ग्राहकों का भरोसा सरकारी कंपनी पर और मजबूत होगा।
Google का बड़ा अपडेट: Gmail ID बदलने का मिलेगा ऑप्शन, खत्म होगी पुरानी परेशानी










