Brij Bhushan Sharan Singh: दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बहुचर्चित महिला पहलवानों से जुड़े यौन शोषण मामले में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को बरी कर दिया है। अदालत के इस फैसले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों और विपक्षी दलों में तीखी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।
कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह का बड़ा बयान
बताते चले कि, अदालत के इस फैसले के तुरंत बाद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण सिंह ने सामने आकर इसे पूरी तरह सत्य और युवा पहलवानों की जीत करार दिया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी समेत उन सभी विपक्षी नेताओं पर जमकर निशाना साधा, जिन्होंने बिना किसी ठोस जांच के उनके परिवार को कटघरे में खड़ा किया था।
करण भूषण सिंह का प्रियंका गांधी और विपक्षी दलों से तीखा सवाल
आपको बता दे कि, करण भूषण सिंह ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा कि जो लोग कल तक बिना सबूतों के उनके पिता को दोषी ठहरा रहे थे और सड़कों पर राजनीतिक रोटियां सेक रहे थे, वे अब अदालत के फैसले के बाद देश के सामने क्या जवाब देंगे। उन्होंने विशेष रूप से प्रियंका गांधी को याद दिलाते हुए पूछा कि क्या वे अब जंतर-मंतर पर आकर अपने झूठे आरोपों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगी।
तीन साल चले कड़े संघर्ष के बाद न्याय मिलने पर जताई खुशी
बृजभूषण शरण सिंह ने कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने 18 जनवरी 2023 को ही स्पष्ट कर दिया था कि यह उनके खिलाफ एक सोची-समझी साजिश है और यदि कोई भी आरोप सिद्ध हो गया, तो वह खुद फांसी पर लटक जाएंगे। लगभग तीन साल चले इस कानूनी संघर्ष के बाद अदालत ने उन्हें और विनोद तोमर को बरी कर साबित कर दिया कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है।










