Box Office: भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों दो फिल्मों का प्रदर्शन सबसे ज्यादा चर्चा में है। क्राइम-थ्रिलर ‘मिर्जापुर द मूवी’ और डिवोशनल ड्रामा ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में लगातार मजबूत कमाई कर रही हैं। दोनों फिल्मों की रफ्तार ने बॉक्स ऑफिस पर मौजूद कई दूसरी फिल्मों के कारोबार को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, यश की बड़े बजट वाली ‘टॉक्सिक’ की कमाई में दूसरे हफ्ते के बाद भारी गिरावट देखने को मिल रही है। इसके अलावा रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ भी अपनी लागत निकालने के बाद लगातार मुनाफा कमा रही है। आइए जानते हैं गुरुवार को किस फिल्म ने कितनी कमाई की।
सनी देओल के हनुमान अवतार के लिए 2 महीने चला शूट, ‘रामायण’ में होगा
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने सातवें दिन भी दिखाया दम

‘मिर्जापुर द मूवी’ को रिलीज हुए एक सप्ताह पूरा हो चुका है, लेकिन फिल्म की कमाई की रफ्तार अभी भी बनी हुई है। फिल्म ने अपने सात दिनों के सफर में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। सैकनिल्क की शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के सातवें दिन यानी गुरुवार को करीब 10.05 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई बढ़कर 147.95 करोड़ रुपये हो गई है।
‘टॉक्सिक’ की कमाई में बड़ी गिरावट
यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ से काफी उम्मीदें लगाई गई थीं, लेकिन दूसरे सप्ताह में फिल्म की कमाई लगातार कमजोर होती जा रही है। रिलीज के 15वें दिन फिल्म ने केवल करीब 60 लाख रुपये कमाए थे। सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपने 16वें दिन यानी दूसरे गुरुवार को लगभग 39 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में 16 दिनों के बाद ‘टॉक्सिक’ की कुल नेट कमाई 248.24 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
‘इरुमुडी’ ने 21वें दिन भी जारी रखा कारोबार
रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ अपनी रिलीज के शुरुआती दौर में ही लागत निकालने में सफल रही थी। अब फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन उसके लिए मुनाफे का सौदा बन चुका है। हालांकि, समय बीतने के साथ इसकी दैनिक कमाई में गिरावट जरूर दिखाई दे रही है। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 21वें दिन यानी तीसरे गुरुवार को करीब 1.60 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 174.45 करोड़ रुपये हो गया है।
‘हनुमान अंश’ पांचवें हफ्ते में भी मजबूत

डिवोशनल फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अभी भी मजबूती से टिकी हुई है। रिलीज के पांचवें सप्ताह में पहुंचने के बावजूद फिल्म की कमाई में खास मजबूती नजर आ रही है। फिल्म ने रिलीज के 34वें दिन यानी पांचवें बुधवार को करीब 10.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी। शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, पांचवें गुरुवार को भी फिल्म ने लगभग 10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही 35 दिनों में ‘हनुमान अंश’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 163.13 करोड़ रुपये हो गया है।
कौन सी फिल्म सबसे आगे?
गुरुवार के आंकड़ों पर नजर डालें तो ‘मिर्जापुर द मूवी’ और ‘हनुमान अंश’ ने लगभग 10 करोड़ रुपये के आसपास कमाई कर मजबूत पकड़ बनाए रखी। वहीं ‘टॉक्सिक’ की दैनिक कमाई काफी नीचे आ गई है, जबकि ‘इरुमुडी’ लगातार मुनाफे के साथ आगे बढ़ रही है।
AI से पाएं 1980s का रेट्रो लुक, इन 8 आसान प्रॉम्प्ट से बदलें अपनी फोटो










