Border 2 BO Day 11: सनी देओल स्टारर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के पहले हफ्ते से ही बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की थी और दर्शकों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स पाने के बाद इसका दूसरा वीकेंड भी जबरदस्त रहा। हालांकि, रिलीज के 11वें दिन यानी दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई में थोड़ी गिरावट देखी गई। इसके बावजूद, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और अब यह 300 करोड़ क्लब में प्रवेश के बेहद करीब है।
रणवीर सिंह ने फिर खेला 12:12 वाला दांव—क्या 16 घंटे बाद आ रहा है ‘धुरंधर 2’ का टीज़र?
‘बॉर्डर 2’ ने दूसरे मंडे को कितनी कमाई की?

अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित ‘बॉर्डर 2’ ने 23 जनवरी को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। फिल्म की कहानी और स्टार कास्ट की परफॉर्मेंस की खूब तारीफ हुई, जिससे पहले हफ्ते में ही इसने 200 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली थी। दूसरे वीकेंड पर भी फिल्म ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफलता पाई।
लेकिन वीकडेज़ में प्रवेश करते ही फिल्म की कमाई में भारी गिरावट देखी गई। सैकनिल्क के अर्ली ट्रेड आंकड़ों के अनुसार, रिलीज के 11वें दिन यानी दूसरे मंडे को ‘बॉर्डर 2’ ने 5.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस कमाई के बाद फिल्म का कुल 11 दिनों का कलेक्शन 281 करोड़ रुपये हो गया। पहले हफ्ते में फिल्म ने 224.25 करोड़, आठवें दिन 10.75 करोड़, नौवें दिन 17.75 करोड़ और दसवें दिन 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
रिकॉर्ड तोड़ता बॉर्डर 2
भले ही दूसरे मंडे को फिल्म की कमाई घट गई, लेकिन ‘बॉर्डर 2’ ने कई बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया। फिल्म ने ‘कबीर सिंह’ (278.8 करोड़), ‘तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ (277.75 करोड़) और ‘टाइगर 3’ (276.62 करोड़) जैसी फिल्मों की कमाई को मात दी है।
300 करोड़ बनने से कितनी दूर?
‘बॉर्डर 2’ अब 300 करोड़ क्लब में बस 19 करोड़ की दूरी पर है। दूसरे सोमवार के बाद भी यह फिल्म लगातार दर्शकों को आकर्षित कर रही है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में फिल्म यह मील का पत्थर पार कर लेगी और बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा कायम रखेगी।
फिल्म के बारे में
अनुराग सिंह निर्देशित इस वॉर ड्रामा फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म 1997 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। यह फिल्म भी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान लोंगेवाला की लड़ाई पर आधारित है। इसके अलावा, फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह, प्रणव वशिष्ठ और मेधा राणा ने भी अहम भूमिका निभाई है।
सनी देओल ने मनाया सफलता का जश्न

बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिलने के बाद सनी देओल ने अपनी टीम के साथ डांस करते हुए फिल्म की जीत का जश्न मनाया। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में सनी और उनकी टीम खुशी से गाना गा रहे थे और केक काटते नजर आए। इसके अलावा, सनी ने अपने फैंस और फॉलोअर्स को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मेरी, आपकी, हमारी बॉर्डर 2 को इतना प्यार देने के लिए, आप सबको बहुत-बहुत थैंक्यू।”
धीमी शुरुआत के बाद पटरी पर लौटी ‘मर्दानी-3’, तीसरे दिन कमाई में उछाल










