BMC Election: मनीष सिसोदिया की मतदाताओं से गुहार, ‘सिर्फ पार्षद नहीं, शिक्षा और स्वास्थ्य को चुनें’

मुंबई बीएमसी चुनाव 2026 में पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी ने 63 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं। मतदान से पहले वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने मुंबईवासियों से भावुक अपील करते हुए 'झाड़ू' को वोट देने की अपील की है। सिसोदिया ने कहा कि यह वोट केवल पार्षद चुनने के लिए नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य के विजन के लिए है।

BMC Election

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जनवरी 15, 2026

BMC Election: महानगरपालिका यानी मुंबई बीएमसी (BMC) के चुनावों में इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) पूरे दमखम के साथ नजर आ रही है। पहली बार चुनावी मैदान में उतरते हुए पार्टी ने 63 वार्डों में अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। मतदान से ठीक पहले आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने मुंबई की जनता के नाम एक पत्र लिखकर राजनीति बदलने का आह्वान किया है।

BMC Poll: ‘हिंदी थोपी तो लात मारूंगा’, राज ठाकरे की यूपी-बिहार वालों को बड़ी चेतावनी

63 वार्डों में ‘जनसेवकों’ के लिए मांगा समर्थन

बताते चले कि, मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक विस्तृत और भावनात्मक अपील साझा की है। उन्होंने लिखा कि मुंबई के भाइयों और बहनों से उनका दिल का रिश्ता है। सिसोदिया ने जोर देकर कहा कि इन 63 सीटों पर चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार कोई पारंपरिक नेता नहीं, बल्कि सच्चे जनसेवक हैं। उन्होंने बताया कि ये वो लोग हैं जो पिछले कई सालों से बिना किसी दिखावे के मुंबई की गलियों और बस्तियों में आम जनता की सेवा कर रहे हैं।

शिक्षा और स्वास्थ्य के दिल्ली मॉडल पर फोकस

सिसोदिया ने अपने संबोधन में मतदाताओं को समझाया कि मतदान का वास्तविक महत्व सिर्फ एक पार्षद चुनना नहीं है। उन्होंने कहा कि झाड़ू पर बटन दबाने का मतलब है—बेहतर सरकारी स्कूल, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और एक भ्रष्टाचार मुक्त राजनीतिक विजन। सिसोदिया के अनुसार, आम आदमी पार्टी की राजनीति का मुख्य लक्ष्य बच्चों के भविष्य को संवारना और हर नागरिक को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है, जैसा कि उन्होंने दिल्ली में कर दिखाया है।

बीएमसी में बदलाव की मांग

आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव को सच्चाई और ईमानदारी बनाम ‘पैसा और गुंडागर्दी’ की लड़ाई करार दिया है। सिसोदिया ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि आप इन 63 वार्डों के निवासी हैं, तो ईमानदार और देशभक्त उम्मीदवारों को जिताकर नगर निगम में भ्रष्टाचार के खात्मे का दरवाजा खोलें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी बिना किसी संसाधनों के सिर्फ मुद्दों और सच्चाई के भरोसे मैदान में है।

डिजिटल अपील और सोशल मीडिया अभियान

मनीष सिसोदिया ने न केवल मुंबई के निवासियों, बल्कि शहर से बाहर रहने वाले लोगों से भी मदद मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया शेयरिंग की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग मुंबई के मतदाता नहीं हैं, वे इस संदेश को अपने परिचितों तक पहुंचाएं। सिसोदिया का मानना है कि कभी-कभी एक छोटा सा ‘शेयर’ भी देश की राजनीति बदलने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

बीएमसी चुनाव में आप की रणनीतिक एंट्री

मुंबई महानगरपालिका चुनाव के इतिहास में यह पहली बार है जब आम आदमी पार्टी की रणनीतिक भागीदारी देखी जा रही है। 63 चुनिंदा वार्डों पर ध्यान केंद्रित कर पार्टी बीएमसी के भीतर एक मजबूत विपक्ष या निर्णायक भूमिका निभाने की तैयारी में है। मनीष सिसोदिया की इस अंतिम समय की अपील को पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने और मध्यम वर्गीय मतदाताओं को लुभाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

BMC चुनाव में महायुति का बड़ा ऐलान, AI तकनीक से बांग्लादेशियों की होगी ट्रैकिंग