Tamil Nadu Assembly Election 2026: बीजेपी ने खोला वादों का पिटारा, मासिक भत्ता और फ्री LPG से दी द्रविड़ दलों को चुनौती

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया है। इसमें महिलाओं को 2000 रुपये मासिक सहायता, साल में 3 मुफ्त गैस सिलेंडर और हर परिवार को 10,000 रुपये का अनुदान देने का वादा किया गया है। साथ ही महिला सुरक्षा के लिए 'जीरो FIR' और फास्ट ट्रैक अदालतों का प्रावधान भी शामिल है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 14, 2026

Tamil Nadu Assembly Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। चेन्नई स्थित पार्टी मुख्यालय ‘कमलायम’ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आगामी चुनावों के लिए पार्टी के वादों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, तमिलिसाई सौंदरराजन और कद्दावर नेता के. अन्नामलाई भी मौजूद थे। जेपी नड्डा ने कहा कि तमिलनाडु नव वर्ष (पुथांडु) के पावन मौके पर विधानसभा चुनावों के लिए संकल्प पत्र (Election Manifesto) जारी करना राज्य की प्रगति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता और मुफ्त एलपीजी सिलेंडर की घोषणा

बताते चले कि, बीजेपी ने अपने घोषणापत्र में लोकलुभावन वादों पर विशेष ध्यान दिया है। पार्टी ने सत्ता में आने पर हर घर की महिला मुखिया को 2000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता (Monthly Financial Assistance) देने का वादा किया है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक परिवार को 10,000 रुपये का एकमुश्त वित्तीय अनुदान भी दिया जाएगा। रसोई के बजट को राहत देने के लिए बीजेपी ने साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर (Free LPG Cylinders) देने का संकल्प लिया है, जिन्हें पोंगल, तमिल नव वर्ष और दिवाली जैसे प्रमुख त्योहारों पर वितरित किया जाएगा। ये वादे सीधे तौर पर महिला मतदाताओं को रिझाने की कोशिश माने जा रहे हैं।

महिला सुरक्षा के लिए ‘जीरो एफआईआर’ का वादा

आपको बता दे कि, घोषणापत्र में सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को लेकर भी कड़े प्रावधान शामिल किए गए हैं। बीजेपी ने वादा किया है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए राज्य में जीरो FIR पंजीकरण प्रणाली (Zero FIR System) को अनिवार्य बनाया जाएगा। इससे यह सुनिश्चित होगा कि किसी भी थाने में शिकायत दर्ज की जा सके और अपराधियों पर विशेष फास्ट-ट्रैक अदालतों (Fast-Track Courts) के माध्यम से त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाए। पार्टी का लक्ष्य अपराधियों में कानून का खौफ पैदा करना और न्याय प्रक्रिया को तेज करना है।

सार्वजनिक परिवहन में 100% सीसीटीवी निगरानी का लक्ष्य

सार्वजनिक सुरक्षा को आधुनिक बनाने के लिए बीजेपी ने तकनीकी समाधानों पर जोर दिया है। घोषणापत्र के अनुसार, राज्य की सभी सार्वजनिक बसों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों में CCTV कैमरे (CCTV Surveillance) लगाए जाएंगे। पार्टी का दावा है कि इस पहल के माध्यम से राज्य के सार्वजनिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों में 100% डिजिटल निगरानी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे छात्राएं और कामकाजी महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकेंगी।

DMK और AIADMK के बीच BJP का त्रिकोणीय चुनावी मुकाबला

तमिलनाडु की राजनीति में अब तक मुख्य मुकाबला डीएमके और एआईएडीएमके के बीच रहा है, लेकिन इस बार बीजेपी और विजय की टीवीके (TVK) जैसी पार्टियां भी मैदान में पूरी ताकत से उतरी हैं। अन्य क्षेत्रीय दलों की तरह बीजेपी ने भी लोन सब्सिडी (Loan Subsidy) और कल्याणकारी योजनाओं का सहारा लिया है। बीजेपी के रणनीतिकारों का मानना है कि मुफ्त गैस सिलेंडर और मासिक नगद सहायता जैसे वादे उन्हें द्रविड़ राजनीति के गढ़ में पैठ बनाने में मदद करेंगे। अब देखना यह है कि राज्य की जनता बीजेपी के इन वादों पर कितना भरोसा जताती है।