UP Politics: BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का लखनऊ दौरा, रोड शो में बरसाए गए फूल, मुख्यालय में की अहम बैठक

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर लखनऊ पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुए भव्य रोड शो और बैठकों के जरिए पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। यह दौरा यूपी संगठन के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 4, 2026

UP Politics: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका भव्य स्वागत किया, जहां उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का परिचय प्रदेश के मंत्रियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं से कराया। इस यात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित सरकार के तमाम मंत्री और पदाधिकारी मौजूद रहे।

ऐतिहासिक रोड शो और जनता का अभूतपूर्व अभिनंदन

बताते चले कि, हवाई अड्डे से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबे मार्ग पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में एक विशाल रोड शो का आयोजन किया गया। ओपन वैन में सवार होकर नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मार्ग में जगह-जगह मौजूद लाखों समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। 42 से अधिक स्थानों पर भव्य स्वागत हुआ और 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के पुरुषों व महिलाओं और पादरियों व ननों की सक्रिय भागीदारी ने इस रोड शो को सर्वसमावेशी रूप दिया।

मिशन 2027: चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं का मनोबल

आपको बता दे कि, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, “यूपी की पावन धरती, प्रभु श्रीराम, भोले बाबा और श्रीकृष्ण की भूमि को नमन करता हूं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह को भाजपा की जीत का आधार बताया और कहा कि हम एक मजबूत कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश सरकार के मंत्री एके शर्मा और नरेंद्र कश्यप ने भी इस दौरे को पार्टी की चुनावी तैयारी को नई धार देने वाला बताया।

सांसदों-विधायकों के साथ मंथन

नितिन नवीन का यह तीन दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पार्टी की आगामी रणनीति के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। शाम के सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश भर के विधायकों और सांसदों के साथ विस्तृत बैठक की। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस दौरान संगठनात्मक ढांचों को और अधिक सुदृढ़ करने और जनता तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से पहुंचाने पर चर्चा हुई। नितिन नवीन के मार्गदर्शन में पार्टी ने अगले चुनावों के लिए कमर कस ली है और उनके इस दौरे से संगठन के भीतर एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।