Mallikarjun Kharge On PM Modi: पीएम मोदी को ‘आतंकवादी’ कहने पर बवाल! भाजपा पहुंची चुनाव आयोग, खरगे की शिकायत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित टिप्पणी को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। किरेन रिजिजू और निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई। भाजपा ने इसे चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन और देश का अपमान बताया है।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 22, 2026

Mallikarjun Kharge On PM Modi: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल ने आज निर्वाचन आयोग का रुख किया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध की गई ‘आतंकवादी’ वाली टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे चुनावी आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन बताया है।

विपक्षी नेता के खिलाफ चुनाव आयोग में BJP की शिकायत

बताते चले कि, भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात कर एक औपचारिक शिकायत पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि कांग्रेस अध्यक्ष के बयानों पर आयोग तत्काल संज्ञान ले और कड़ी कार्रवाई करे। भाजपा नेताओं का तर्क है कि प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ ऐसी भाषा का प्रयोग न केवल राजनीतिक विमर्श के स्तर को गिराता है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भी खिलाफ है।

किरेन रिजिजू का बयान

मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूरा प्रतिनिधिमंडल अत्यंत दुखी मन से आयोग के पास पहुंचा है। रिजिजू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे ने जिस तरह प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहकर संबोधित किया, वह केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि भारत की जनता के जनादेश का अपमान है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक काला अध्याय करार दिया।

निर्मला सीतारमण का कड़ा रुख

केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस मामले की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कोई बंद कमरे की बातचीत नहीं थी। उन्होंने रेखांकित किया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में विपक्ष के नेता जैसे महत्वपूर्ण पद पर आसीन व्यक्ति ने चुनावी राज्य चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह आपत्तिजनक बयान दिया। सीतारमण ने कहा कि एक जिम्मेदार नेता से इस तरह के शब्दों की अपेक्षा नहीं की जा सकती, विशेषकर तब जब वे सार्वजनिक रूप से मीडिया को संबोधित कर रहे हों।

कांग्रेस की संवेदनहीनता पर तीखा प्रहार

निर्मला सीतारमण ने समय के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज पूरा देश पुलवामा हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश एक तरफ आतंकवाद के शिकार हुए वीर जवानों को याद कर रहा है और भावुक है, उसी समय कांग्रेस अध्यक्ष चुनावी लाभ के लिए प्रधानमंत्री को ही आतंकवादी बता रहे हैं। भाजपा ने इसे कांग्रेस की संवेदनहीनता और शहीदों के प्रति अनादर का प्रतीक बताया है।

कांग्रेस की राजनीतिक शैली पर भाजपा का हमला

वित्त मंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्दावली का उपयोग करना कांग्रेस की एक सोची-समझी रणनीति या ‘पैटर्न’ बन गया है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस पहले भी कई बार प्रधानमंत्री के खिलाफ व्यक्तिगत हमले कर चुकी है और चेतावनी दी कि जनता ऐसी नकारात्मक राजनीति का करारा जवाब देगी। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि इस तरह की प्रवृत्तियों पर लगाम लगाना स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए आवश्यक है।