Bihar Road rage: BJP के पूर्व MLC के भांजे की सरेआम हत्या, पुलिस मुठभेड़ में हत्यारे के दोनों पैरों में लगी गोली

बिहार के सिवान में रोड रेज के दौरान भाजपा के पूर्व MLC मनोज सिंह के भांजे की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अप्रैल 30, 2026

Bihar Road rage: बिहार के सिवान जिले में एक रोड रेज विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जिसमें बीजेपी के पूर्व एमएलसी और नेता मनोज सिंह के परिवार को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। बुधवार (29 अप्रैल) को हुई इस घटना में उनके 28 वर्षीय भांजे हर्ष कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनके बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह पूरी घटना सिवान के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर-आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास हुई, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। इस वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को कुछ ही घंटों में मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया।

Bihar MSP Hike: रबी फसलों के दाम बढ़े, सूरजमुखी की कीमत में सबसे बड़ी बढ़ोतरी

मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद, फिर चली गोलियां

घटना के दौरान चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष के साथ सड़क किनारे अपनी कार में किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को हल्की टक्कर मार दी। इस मामूली टक्कर को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई।

बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दूसरी कार में सवार लोगों ने अचानक चंदन सिंह और उनके बेटे पर गोली चला दी। गोली लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद हर्ष कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पिता चंदन सिंह को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

आरोपी की पहचान और पुलिस की त्वरित कार्रवाई

इस घटना के मुख्य आरोपी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी छोटू कुमार यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था।पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर ली। गुरुवार तड़के लगभग 3 बजे पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग भी की।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

जांच जारी, इलाके में तनाव का माहौल

पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों और संभावित साजिश का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में मामला पूरी तरह रोड रेज और आपसी विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। इस घटना ने सिवान और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। यह वारदात एक बार फिर सड़क पर बढ़ती आक्रामकता और छोटी-छोटी बातों पर हिंसा में बदलते विवादों की गंभीरता को उजागर करती है।

Bihar Politics : क्या भाजपा में विलीन होगी कुशवाहा की पार्टी? राज्यसभा चुनाव के बीच सियासी डील!