Rajya Sabha Election 2026: बिहार की राजनीति में आज का दिन बेहद सरगर्मी भरा है। राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हो रहे मतदान ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कड़ा मुकाबला पैदा कर दिया है। जहां एनडीए सभी पांचों सीटों पर कब्जा करने का दावा कर रही है, वहीं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपनी रणनीति से मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
एनडीए का ‘क्लीन स्वीप’ का दावा
बताते चले कि, जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने सोमवार को चुनावी माहौल को देखते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार से एनडीए के सभी उम्मीदवार भारी मतों से जीत हासिल करेंगे। झा ने स्पष्ट रूप से कहा कि चार सीटें तो पूरी तरह सुरक्षित हैं ही, लेकिन एनडीए पांचवीं सीट पर भी विजय पताका फहराएगी। उनके अनुसार, वोटों का अंतर इतना बड़ा होगा कि विपक्ष की सारी रणनीतियां धरी की धरी रह जाएंगी।
मंगल पांडे का राजद पर तंज
वहीं, बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडे ने भी जीत का भरोसा जताते हुए विपक्षी दल राजद पर तीखा हमला बोला। राजद द्वारा अपने विधायकों को होटल में शिफ्ट किए जाने की खबरों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राजद को अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं है। पांडे ने दावा किया कि मतदान प्रक्रिया पूरी होते ही एनडीए की जीत सुनिश्चित हो जाएगी। उन्होंने राजद की इस “घेराबंदी” को उनकी संभावित हार की घबराहट करार दिया।
पांचवीं सीट का गणित
राज्यसभा की सभी पांच सीटों पर एनडीए की नजर है, लेकिन तकनीकी रूप से पांचवें उम्मीदवार के लिए उनके पास स्पष्ट बहुमत की कमी है। जीत के लिए आवश्यक 41 वोटों के आंकड़े तक पहुँचने के लिए एनडीए को पार्टी लाइन से हटकर कम से कम तीन अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की दरकार है। वहीं दूसरी ओर, राजद को अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए छह अतिरिक्त वोटों की आवश्यकता है। यही वह समीकरण है जिसने इस चुनाव को ‘क्रॉस-वोटिंग’ के डर और उम्मीद के बीच लाकर खड़ा कर दिया है।
तेजस्वी यादव का पलटवार
राजद नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए के दावों को चुनौती देते हुए कहा कि उनकी पार्टी के पास एक सीट छीनने के लिए पर्याप्त समर्थन मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले महागठबंधन के पास 35 का आंकड़ा था, लेकिन अब AIMIM और BSP के साथियों के समर्थन से यह संख्या 41 तक पहुँच गई है। तेजस्वी ने जोर देकर कहा कि वे भाजपा के सामने झुकने के बजाय लड़ने का संकल्प ले चुके हैं और उनके पास जीत का जादुई आंकड़ा मौजूद है।
शक्ति सिंह यादव का प्रहार
राजद नेता शक्ति सिंह यादव ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल सत्ता और बल का दुरुपयोग करके चुनाव जीतना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि राजद के पास अब 41 सीटों का समर्थन है, जबकि एनडीए अभी भी तीन कदम पीछे है। उन्होंने नीतीश कुमार पर भी तंज कसा और कहा कि यदि सत्ता पक्ष में राजनीतिक समझ होती, तो आज चुनाव की नौबत ही नहीं आती।
मैदान में दिग्गज चेहरे और चुनावी उत्साह का माहौल
इस चुनाव में कई दिग्गज अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, नितिन नवीन, शिवेश राम और राम नाथ ठाकुर एनडीए की ओर से मैदान में हैं। वहीं राजद ने AD सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि 2014 के बाद पहली बार विधायकों को वोट देने का अवसर मिला है, जिससे सदन में भारी उत्साह है। अब सबकी निगाहें आने वाले परिणामों पर टिकी हैं।










