Bihar New CM: बिहार की राजनीति में आज यानी मंगलवार का दिन एक बड़े युग के अंत का गवाह बन रहा है। राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने वाले नीतीश कुमार आज अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे। पटना में उनकी अध्यक्षता में आयोजित अंतिम कैबिनेट बैठक न केवल प्रशासनिक रही, बल्कि विदाई के क्षणों में बेहद भावुक भी साबित हुई। इस इस्तीफे के साथ ही बिहार में कल यानी बुधवार को नई एनडीए सरकार का उदय होगा, जिसमें भाजपा पहली बार राज्य की कमान संभालती नजर आएगी।
आखिरी कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार के छलके आंसू
बताते चले कि, पटना स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने अपनी अंतिम मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में कोई बड़ा विधायी एजेंडा तो नहीं था, लेकिन विदाई का माहौल बेहद गमगीन रहा। सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान नीतीश कुमार काफी भावुक हो गए और उन्होंने अपने सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आने वाली नई सरकार को अपनी मंगलकामनाएं दीं। बैठक खत्म होते ही मंत्रियों और अधिकारियों के बीच उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई, जिसे इस महान राजनीतिक सफर के अंतिम यादगार लम्हों के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा विधायक दल की बैठक और नए नेता का चयन
नीतीश सरकार में मंत्री और भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने इसे एक अनिवार्य संवैधानिक प्रक्रिया बताया है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने से पहले कैबिनेट भंग करने की सूचना सहयोगियों को दी जाती है। 243 सदस्यीय विधानसभा में 89 विधायकों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। आज दोपहर 3 बजे भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंच चुके हैं।
एनडीए का शक्ति प्रदर्शन
आज शाम 4 बजे बिहार विधानसभा के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सभी 202 विधायकों की एक संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इस शक्तिशाली गठबंधन में भाजपा (89), जेडीयू (85), चिराग पासवान की लोजपा-आर (19), जीतन राम मांझी की हम (5) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी (5) शामिल हैं। इस बैठक में सभी घटक दल औपचारिक रूप से नए नेता के नाम का प्रस्ताव करेंगे, जिसके बाद राजभवन जाकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।
सम्राट चौधरी के सिर सज सकता है ताज
बिहार के अगले मुख्यमंत्री के रूप में वर्तमान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे मजबूती से उभरा है। वर्तमान में गृह विभाग संभाल रहे सम्राट चौधरी को भाजपा के नए नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री के साथ दो अन्य उपमुख्यमंत्रियों (Deputy CMs) को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। पिछले हफ्ते राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले नीतीश कुमार अब दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होंगे, जबकि बिहार में ‘कमल’ की अगुवाई वाली नई सरकार का आगाज होगा।









