Bhoot Bangla Advance Booking Day 1: बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ इस शुक्रवार, 17 अप्रैल को बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म को लेकर दर्शकों के उत्साह को देखते हुए मेकर्स ने गुरुवार (16 अप्रैल) रात 9 बजे से ही पेड प्रीव्यू शो (Paid Preview Shows) आयोजित करने का फैसला किया है। स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर 2’ की भारी सफलता के बाद बॉक्स ऑफिस पर अब एक ऐसी फिल्म की तलाश है जो पूरे परिवार का मनोरंजन कर सके, और ‘भूत बंगला’ इस कमी को पूरा करती दिख रही है।
टिकटों की बिक्री में आई जबरदस्त तेजी
बताते चले कि, बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, अक्षय और प्रियदर्शन की इस ब्लॉकबस्टर जोड़ी को देखने के लिए फैंस में भारी क्रेज है। गुरुवार दोपहर 1 बजे तक फिल्म के 2D फॉर्मेट में 46,524 से अधिक टिकटों की प्री-सेल हो चुकी है। बिना ब्लॉक सीटों के फिल्म ने 1.28 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि ब्लॉक सीटों को मिलाकर यह आंकड़ा 3.52 करोड़ रुपये तक जा पहुँचा है। सालों बाद वापसी कर रही इस जोड़ी से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं, जिसका सीधा असर फिल्म की प्री-सेल्स पर दिख रहा है।
महाराष्ट्र और दिल्ली में ‘भूत बंगला’ का जलवा
अगर क्षेत्रीय स्तर पर बात करें, तो ‘भूत बंगला’ को सबसे शानदार रिस्पॉन्स महाराष्ट्र से मिला है, जहां अब तक 28.81 लाख रुपये की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई है। इसके बाद देश की राजधानी दिल्ली का नंबर आता है, जहाँ फिल्म ने 24.72 लाख रुपये का बिजनेस किया है। गुजरात में भी फिल्म की पकड़ मजबूत दिख रही है और वहां से 14.23 लाख रुपये का प्री-सेल कलेक्शन आया है। इन आंकड़ों से साफ है कि हिंदी बेल्ट में फिल्म को लेकर तगड़ा माहौल बना हुआ है।
पहले दिन कितनी कमाई करेगी अक्षय की फिल्म?
फिल्म व्यापार विशेषज्ञों और ‘कोईमोई’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘भूत बंगला’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 12 से 14 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है। यदि इसमें गुरुवार रात के पेड प्रीव्यू से होने वाली 3-4 करोड़ रुपये की संभावित कमाई को जोड़ दिया जाए, तो फिल्म का कुल ओपनिंग कलेक्शन 15 से 18 करोड़ रुपये के बीच रह सकता है। हालांकि, फिल्म का भविष्य काफी हद तक इसके कंटेंट और ‘वर्ड ऑफ माउथ’ पर निर्भर करेगा कि यह ‘धुरंधर 2’ के वर्चस्व को चुनौती दे पाती है या नहीं।
क्या पूरी होगी दर्शकों की उम्मीद?
एक लंबे अंतराल के बाद अक्षय कुमार अपनी सबसे मजबूत शैली यानी हॉरर-कॉमेडी में लौटे हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी उनकी पिछली फिल्मों का रिकॉर्ड बेमिसाल रहा है। ऐसे में ‘भूत बंगला’ न केवल अक्षय के करियर के लिए बल्कि बॉक्स ऑफिस की सेहत के लिए भी एक महत्वपूर्ण फिल्म मानी जा रही है। अगर कहानी दर्शकों के दिल को छू गई, तो यह फिल्म लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकती है। असली तस्वीर शुक्रवार शाम तक साफ हो जाएगी।









