Bharat Taxi: देश में कैब सेवाओं के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है। भारत की पहली को-ऑपरेटिव कैब सर्विस ‘Bharat Taxi’ को आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया गया है। इस सेवा की शुरुआत दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की। सरकार का दावा है कि Bharat Taxi न सिर्फ ड्राइवरों के हितों की रक्षा करेगी, बल्कि यात्रियों को भी महंगे किराए और मनमानी चार्ज से राहत दिलाएगी।
जीरो कमीशन मॉडल: ड्राइवरों को मिलेगा पूरा फायदा
Bharat Taxi की सबसे बड़ी खासियत इसका जीरो कमीशन मॉडल है। इस मॉडल के तहत ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाएगा और उनकी पूरी कमाई सीधे उनके बैंक खाते में जाएगी। इससे प्राइवेट कैब कंपनियों द्वारा लगाए जाने वाले सर्ज प्राइसिंग, कैंसिलेशन चार्ज और छिपे हुए शुल्कों से यात्रियों को भी निजात मिलेगी। सरकार का मानना है कि यह मॉडल ड्राइवरों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगा और कैब सेवा को ज्यादा पारदर्शी बनाएगा।
महिलाओं के लिए खास पहल: ‘सारथी दीदी’ सुविधा
महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए Bharat Taxi ने ‘सारथी दीदी’ नाम से एक विशेष पहल शुरू की है। इस सुविधा के तहत महिला यात्री अपनी यात्रा के लिए केवल महिला ड्राइवर का विकल्प चुन सकेंगी। फिलहाल 150 से अधिक महिला ड्राइवर इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुकी हैं और आने वाले समय में इस संख्या में तेजी से इजाफा होने की उम्मीद है। यह पहल महिलाओं को सुरक्षित और सहज यात्रा का अनुभव देने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देगी।
iPhone का सबसे सस्ता मॉडल लॉन्च को तैयार, इन 4 बड़े बदलावों के साथ जानें कब और कितनी होगी कीमत
क्या है ‘सारथी दीदी’ फीचर?

लॉन्च कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने बताया कि Bharat Taxi ऐप में जल्द ही ‘सारथी दीदी’ के लिए एक अलग सेक्शन जोड़ा जाएगा। इस फीचर के जरिए रजिस्ट्रेशन कराने वाली महिला यात्रियों को पिक-अप के लिए केवल महिला ड्राइवर ही उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही दोपहिया वाहन सेवा भी शुरू की जाएगी, जिससे कम किराए में सुरक्षित यात्रा संभव हो सकेगी, खासकर रोजमर्रा के सफर के लिए।
सुरक्षा को लेकर मजबूत इंतजाम
Bharat Taxi ऐप में यात्रियों की सुरक्षा के लिए SOS अलर्ट फीचर दिया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर में 8 हेल्पलाइन और हेल्प सेंटर शुरू किए गए हैं। भविष्य में इन्हें देशभर में फैलाया जाएगा। शिकायतों के समाधान के लिए तीन स्तर की व्यवस्था की गई है—ऐप, वेबसाइट और टोल-फ्री नंबर। इसके अलावा 24×7 कस्टमर केयर सपोर्ट भी उपलब्ध रहेगा।
बिना सर्ज प्राइसिंग और छिपे शुल्क
Bharat Taxi में न तो सर्ज प्राइसिंग होगी और न ही कोई हिडन चार्ज। टोल, पार्किंग और अतिरिक्त फीस को लेकर भी पारदर्शिता बरती जाएगी। फिलहाल यह सेवा गुजरात के कुछ शहरों, दिल्ली और एनसीआर में शुरू की गई है। सरकार का लक्ष्य है कि अगले तीन वर्षों के भीतर इसे पूरे देश में विस्तार दिया जाए।
iPhone 17 Offer: iPhone Lovers के लिए खुशखबरी, आधी से भी कम में कर लें खरीदी










