Bharat Taxi App: दिल्ली में कैब सेवाओं की दुनिया में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। ओला, उबर और इनड्राइव जैसी निजी कंपनियों के बीच अब ‘भारत टैक्सी’ नाम की नई कैब सर्विस की आधिकारिक शुरुआत हो चुकी है। इसे भारत की पहली को-ऑपरेटिव कैब सेवा बताया जा रहा है, जिसका मकसद ड्राइवरों और यात्रियों, दोनों को सीधा फायदा पहुंचाना है। इस ऐप को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किया।
पायलट प्रोजेक्ट से आम लोगों तक
भारत टैक्सी पिछले कुछ समय से दिल्ली में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में काम कर रही थी। अब इसे पूरी तरह आम जनता के लिए खोल दिया गया है। लॉन्च के तुरंत बाद बड़ी संख्या में लोगों ने ऐप डाउनलोड किया, हालांकि शुरुआती घंटों में कुछ यूजर्स को ऐप एक्सेस और बुकिंग से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सरकार और प्लेटफॉर्म से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि यह शुरुआती तकनीकी समस्या है, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।
ड्राइवर नहीं, अब कहलाएंगे ‘सारथी’

भारत टैक्सी की सबसे खास बात इसका ड्राइवर ओनरशिप मॉडल है। इस प्लेटफॉर्म से जुड़े ड्राइवरों को अब ‘ड्राइवर’ नहीं बल्कि ‘सारथी’ कहा जाएगा। सरकार के मुताबिक, इस ऐप पर काम करने वाले सारथी ही इसके असली मालिक होंगे। हर राइड का पूरा किराया सीधे सारथी के बैंक खाते में जाएगा और ओला-उबर की तरह कोई कमीशन नहीं काटा जाएगा। यह सेवा किसी निजी कंपनी की नहीं, बल्कि को-ऑपरेटिव मॉडल पर आधारित है। इसे सहकारिता मंत्रालय और नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन ने मिलकर तैयार किया है, जबकि संचालन सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड करेगा।
Pen Drive के दो छेद सिर्फ डिजाइन नहीं! जानकर कहेंगे – इतना आसान ट्रिक पता ही नहीं था
यूजर्स कैसे करें भारत टैक्सी का इस्तेमाल
भारत टैक्सी ऐप का इस्तेमाल करना काफी आसान है और इसका इंटरफेस ओला या उबर जैसा ही है।
- एंड्रॉयड यूजर्स इसे गूगल प्ले स्टोर से
- आईफोन यूजर्स एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं
यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी के साथ-साथ गुजराती और मराठी भाषाओं में भी उपलब्ध है। डाउनलोड करने के बाद मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा और ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद यूजर राइड बुक कर सकते हैं।
ऐसे करें राइड बुकिंग
राइड बुक करने के लिए ऐप खोलें और अपनी पिक-अप व ड्रॉप लोकेशन दर्ज करें। इसके बाद बाइक, ऑटो या कार में से विकल्प चुनें। ऐप में दिखाई गई किराया राशि को कन्फर्म करते ही राइड बुक हो जाएगी। राइड कन्फर्म होने के साथ ही लाइव ट्रैकिंग भी शुरू हो जाती है।
WhatsApp Privacy: WhatsApp-Meta पर सुप्रीम कोर्ट की फटकार, यूजर डेटा को लेकर कह दी ये बड़ी बात
किराया कम, सर्ज प्राइसिंग से राहत

भारत टैक्सी का दावा है कि इसमें यात्रियों को सर्ज प्राइसिंग का सामना नहीं करना पड़ेगा। यानी बारिश, ट्रैफिक या पीक आवर्स में किराया नहीं बढ़ेगा। माना जा रहा है कि इसका किराया मौजूदा कैब सेवाओं के मुकाबले कम हो सकता है, जिससे आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सुरक्षा फीचर्स पर खास ध्यान
यात्रियों की सुरक्षा के लिए भारत टैक्सी ऐप में कई अहम फीचर्स दिए गए हैं। सभी सारथियों का पुलिस वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसके अलावा ऐप में लाइव लोकेशन शेयरिंग, SOS बटन, इमरजेंसी अलर्ट और ट्रस्टेड कॉन्टैक्ट जोड़ने जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं।
सुपरकंप्यूटर से भी आगे निकला NVIDIA का AI, तूफान अलर्ट में 500x तेजी










