Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटनाक्रम में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दंतान इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया है। यहां भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें भाजपा प्रत्याशी को गंभीर चोटें आई हैं।
BJP प्रत्याशी अजीत कुमार जाना पर हमला
बताते चले कि, मंगलवार को दंतान विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अजीत कुमार जाना पर उस समय हमला हुआ जब वे चुनाव प्रचार के लिए निकले थे। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने उन्हें निशाना बनाकर हमला किया, जिसमें उनका हाथ टूट गया है। इस हिंसक वारदात में केवल उम्मीदवार ही नहीं, बल्कि उनके साथ मौजूद कई भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक भी लहूलुहान हुए हैं। घायलों की स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
चुनावी मोटरसाइकिल रैली के दौरान अंताला में हुई हिंसक वारदात
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह हरिपुर से भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में एक विशाल मोटरसाइकिल रैली निकाली गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही यह रैली सबरा से मोहनपुर की ओर बढ़ते हुए अंताला क्षेत्र में पहुंची, घात लगाकर बैठे बदमाशों के एक समूह ने उन पर धावा बोल दिया। भाजपा का दावा है कि हमलावर लाठियों और धारदार हथियारों से लैस थे, जिन्होंने अचानक रैली में शामिल लोगों को पीटना शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले ने पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
मिदनापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती
आपको बता दे कि, गंभीर रूप से घायल अजीत कुमार जाना को तत्काल मिदनापुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल कार्यकर्ताओं का उपचार मोहनपुर ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कुछ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। शारीरिक चोटों के साथ-साथ उपद्रवियों ने संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुँचाया है। भाजपा उम्मीदवार की मुख्य कार सहित समर्थकों की दर्जनों मोटरसाइकिलों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। घटनास्थल की तस्वीरें राजनीतिक रंजिश की भयावहता को दर्शाती हैं।
भाजपा का विरोध प्रदर्शन
इस हमले की खबर जैसे ही फैली, भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने मोहनपुर पुलिस स्टेशन के घेराव के साथ-साथ एग्रा-सोलपट्टा राज्य राजमार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। घंटों तक चले इस सड़क जाम के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस अपनी संभावित हार से डरकर आतंक का सहारा ले रही है, ताकि मतदाताओं को डराया जा सके।
टीएमसी द्वारा आरोपों का खंडन
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। TMC नेतृत्व का कहना है कि यह भाजपा की आंतरिक गुटबाजी का परिणाम है और उनकी पार्टी का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को तैनात किया है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है, लेकिन इलाके में अभी भी तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।









