Batwara 1947 Vs Awarapan 2: स्वतंत्रता दिवस का वीकेंड बॉलीवुड फिल्मों के लिए हमेशा से खास माना जाता है। इस दौरान देशभक्ति, एक्शन और मनोरंजन से जुड़ी फिल्मों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद रहती है। इस बार भी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दो बहुप्रतीक्षित फिल्में आमने-सामने आने वाली हैं। एक तरफ सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ है, जबकि दूसरी ओर इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ रिलीज होगी। दोनों फिल्मों को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
Welcome To The Jungle: अक्षय कुमार की फिल्म ने मचाया धमाल, 196
‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल का देशभक्ति अवतार
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित देशभक्ति से जुड़ी कहानी है। फिल्म में सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। सनी देओल के लिए यह फिल्म इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उनकी पिछली देशभक्ति फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में माना जा रहा है कि सनी की लोकप्रियता और फिल्म का देशभक्ति वाला विषय दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकता है।
कोईमोई की रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ पहले दिन करीब 10 से 13 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है। अगर दर्शकों और समीक्षकों से फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है तो इसका कलेक्शन शुरुआती अनुमान से भी ऊपर जा सकता है।
‘आवारापन 2’ से इमरान हाशमी की वापसी
वहीं इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ भी रिलीज से पहले चर्चा में है। यह फिल्म 2007 में रिलीज हुई इमरान हाशमी की लोकप्रिय फिल्म ‘आवारापन’ का सीक्वल है। फिल्म को नितिन कक्कड़ ने निर्देशित किया है, जबकि विशेष भट्ट इसके प्रोडक्शन से जुड़े हैं। सीक्वल होने के कारण फिल्म को पहले से मौजूद फैन बेस का फायदा मिल सकता है। इसके अलावा ‘तेरा मेरा रिश्ता’ के नए वर्जन ने भी दर्शकों के बीच पुरानी फिल्म की यादें ताजा कर दी हैं। ऐसे में इमरान हाशमी के फैंस को उनसे एक बार फिर पुराने अंदाज की उम्मीद है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘आवारापन 2’ की ओपनिंग 10 से 15 करोड़ रुपये के बीच रह सकती है। हालांकि ट्रेलर को दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, इसलिए फिल्म की असली परीक्षा सिनेमाघरों में रिलीज के बाद होगी।
पहले दिन किसका पलड़ा रहेगा भारी?
बॉक्स ऑफिस के शुरुआती अनुमान में दोनों फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दे रही है। ‘बंटवारा 1947’ को जहां सनी देओल की स्टार पावर और देशभक्ति के जॉनर का फायदा मिल सकता है, वहीं ‘आवारापन 2’ को सीक्वल और इमरान हाशमी की लोकप्रियता का सहारा मिलेगा। आखिरकार पहले दिन कौन सी फिल्म बाजी मारेगी, इसका सही जवाब रिलीज के बाद ही मिलेगा। लेकिन स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दोनों फिल्मों का क्लैश बॉक्स ऑफिस पर मुकाबले को काफी दिलचस्प बनाने वाला है।










